कड़ाके की ठंड ने बढ़ाई परेशानी, धूप से थोड़ी राहत
मौसम में उलटफेर का दौर जारी है। सुबह कोहरे के कारण वाहन चालकों क ो ज्यादा परेशानी हो रही है। ठंड से बचने को लोग अलाव का सहारा लेने को विवश हैं।
सहारनपुर, जेएनएन। मौसम में उलटफेर का दौर जारी है। सुबह कोहरे के कारण वाहन चालकों को आवागमन में परेशानी उठानी पड़ी। दोपहर तक खिली हल्की धूप ने लोगों को ठंड से थोड़ी राहत दिलाई। शाम होते ही ठंड का कहर चरम पर रहा। ठंड से बचाव के लिए राहगीरों ने अलाव का सहारा लिया।
बुधवार की सुबह कोहरे के कारण सड़कों पर गंतव्य स्थानों के लिए निकले वाहन चालकों को परेशानी हुई। कई वाहन चालक सड़कों के किनारे आग जलाकर ठंड से बचाव करते नजर आए। बाद में निकली हल्की धूप ने लोगों को ठंड से थोड़ी राहत दिलाई।
राजकीय मौसम वेधशाला मुजफ्फराबाद के प्रभारी उमेश कुमार ने बताया कि अधिकतम तापमान 14.5 डिग्री तथा न्यूनतम तापमान 8.8 डिग्री सेल्यिसस रिकार्ड किया गया। अगले 24 घंटे के दौरान बूंदाबांदी की संभावना बनी हुई। न्यूनतम तापमान बढ़ने के कारण यह स्थिति बनती नजर आ रही है।
ठंड से नहीं राहत नहीं
लोग हो रहे बीमार
संवाद सहयोगी, गंगोह : मौसम ने बुधवार को भी राहत नहीं दी और दिन भर आसमान में सूरज नहीं निकल पाया। लगातार पड़ रही ठंड का असर काम काज पर भी पड़ रहा है और लोग बीमार भी हो रहे हैं।
बुधवार को भी सुबह से ठंड के कारण लोगों परेशान रहे। पूरे दिन सूर्य देव के दर्शन नहीं हुए। सुबह से ही लोग पूरी तरह गरम कपड़ों में लिपटे नजर आए। सुबह शाम कड़ाके की ठंड पड़ रही है, वहीं दिन में ठंडी हवा ने परेशान किए रखा है। सर्दी के कारण लोग नजला-जुकाम के अलावा बुखार से भी पीड़ित हो रहे हैं। कोरोना के कारण लोग सरकारी अस्पताल में दिखाने के लिए कम ही जा रहे हैं।
सीएचसी प्रभारी डा. रोहित वालिया ने कहा कि सर्दी के कारण इस तरह की परेशानी बन रही है, इसलिए सावधानी बरतें। उन्होंने दमा व हृदय के मरीजों को भी ज्यादा ठंड से बचाव की सलाह दी।