रूट डायवर्जन के बावजूद मुख्य मार्गो पर लगा रहा जाम
भैया-दूज के अवसर पर पुलिस प्रशासन द्वारा भारी वाहनों के लिए किए गए रूट डायवर्ट के बावजूद जाम की समस्या का समाधान नहीं हो पाया। सहारनपुर के प्रत्येक मुख्य मार्गों पर शाम तक जाम लगा रहा तथा लोग वाहनों में फंसे नजर आए।
सहारनपुर, जेएनएन। भैया-दूज के अवसर पर पुलिस प्रशासन द्वारा भारी वाहनों के लिए किए गए रूट डायवर्ट के बावजूद जाम की समस्या का समाधान नहीं हो पाया। सहारनपुर के प्रत्येक मुख्य मार्गों पर शाम तक जाम लगा रहा तथा लोग वाहनों में फंसे नजर आए।
भारी वाहनों को बदले रास्तों से निकाले जाने के कारण सुबह 11 बजे तक तो मुख्य मार्गों पर अन्य वाहनों की आवाजाही निरंतर जारी रही, लेकिन 12 बजे के बाद जैसे ही वाहनों की संख्या बढ़ना शुरू हुई तो तमाम मार्गों पर जाम लग गया। हालात यह थे कि कई स्थानों पर तो लोग घंटों जाम में फंसे रहे तथा अनेक मुख्य मार्गों पर वाहनों की लंबी कतारें लग जाने के कारण वह उलझे से नजर आए। खास बात यह रही कि मंगलवार को अनेक स्थानों पर यातायात पुलिसकर्मी या तो नदारद रहे अथवा काफी कम संख्या में रहने के कारण ट्रैफिक का सुचारू संचालन नहीं हो पाया। जाम में फंसने के कारण लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
इन स्थानों पर लगा रहा जाम
मंगलवार की दोपहर से जिला अस्पताल पुल, बाजोरिया रोड, क्लार्क तिराहा रोड, पेपर मिल रोड, घंटाघर, जोगियान पुल, कल्पना तिराहा, सहित कई स्थानों पर लोगों को जाम से दो-चार होना पड़ा। इन क्षेत्रों से निकलने पर लोग घंटों फंसे रहे तथा वाहन नियंत्रण नहीं होने के कारण जोगियान पुल, घंटाघर व अस्पताल चौक पर वाहन उलझे रहे तथा लोग स्वयं मार्ग खुलवाते नजर आ रहे थे। दिवानी व कलेक्ट्रेट तिराहे तिराहे पर भी कई बार वाहनों की भारी आवाजाही के चलते कई बार जाम की स्थिति बनी लेकिन समय रहते यातायात पुलिस द्वारा स्थिति पर नियंत्रण पा लिए जाने के कारण जाम नहीं लग पाया। इस बारे में एसपी सिटी विनीत भटनागर का कहना है कि भारी वाहनों का रूट डायवर्जन किया गया था लेकिन अन्य वाहनों की भीड़ एक साथ सड़कों पर आने के कारण समस्या बढ़ी थी, जिसे समय रहते सुधार लिया गया।