कोहरे के साथ बूंदाबांदी ने बढ़ाई ठिठुरन
गुरुवार की सुबह का आगाज घने कोहरे से हुआ। कोहरे के साथ ही बूंदाबांदी भी चलती रही। ठंड के कारण जरूरी काम से घर से निकले लोग परेशान रहे। दिन में सूर्यदेव ने कई बार निकलने का प्रयास किया लेकिन बादलों ने उन्हें घेरे रखा।
सहारनपुर, जेएनएन : गुरुवार की सुबह का आगाज घने कोहरे से हुआ। कोहरे के साथ ही बूंदाबांदी भी चलती रही। ठंड के कारण जरूरी काम से घर से निकले लोग परेशान रहे। दिन में सूर्यदेव ने कई बार निकलने का प्रयास किया लेकिन बादलों ने उन्हें घेरे रखा। दोपहर बाद से शुरू हुई ठिठुरन शाम को पूर चरम पर रही। ठंड से बचाव के लिए लोग जगह-जगह अलाव का सहारा लेते नजर आए।
मौसम में उलटफेर का दौर लगातार बना हुआ है। सुबह-सवेरे कोहरे के साथ हुई बूंदाबांदी से ठंड ने जोर की करवट ली। हालांकि कुछ बाद रोशनी होने से धूप निकलने की उम्मीद बढ़ गई थी लेकिन कई बार सूर्यदेव ने बादलों से बाहर निकलने का प्रयास किया, कामयाबी नही मिली। लोग भी इस उम्मीद में थे कि थोड़ी धूप निकले तो ठंड से राहत मिले। दोपहर तक बादलों के घिरे रहने से यह उम्मीद भी धरी रह गई। कामकाज के लिए शहर का रुख करने वाले कामगार अपने घरों से साइकिल, बाइक, आटो और बस आदि से निकले। बसों के देरी से पहुंचने के कारण परेशानी भी हुई। राजकीय मौसम वेधशाला मुजफ्फराबाद के प्रभारी उमेश कुमार के अनुसार न्यूनतम तापमान 10 डिग्री तथा अधिकतम 14.5 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। बारिश एक मिमी रिकार्ड की गई। उन्होंने बताया न्यूनतम तापमान में उछाल से बारिश की संभावना बनी हुई है। अगले 24 घंटे के दौरान कई स्थानों पर बूंदाबांदी का अनुमान है। मध्यम से घना कोहरा भी छा सकता है। उधर, चिकित्सकों ने लोगों खासकर बुजुर्गो को ठंड के इस मौसम में सावधानी बरतने की सलाह दी है।