उप स्वास्थ्य केंद्र बना पशुओं का तबेला
नकुड़ में स्वास्थ्य उप केंद्र परिसर ग्रामीणों के पशुओं का तबेला बन गया है जहां पर साफ-सफाई के बजाय गंदगी फैली हुई है। ग्रामीणों द्वारा उपजिलाधिकारी कार्यालय में की गई शिकायत पर भी कोई कार्यवाही नही हुई।
सहारनपुर, जेएनएन। नकुड़ में स्वास्थ्य उप केंद्र परिसर ग्रामीणों के पशुओं का तबेला बन गया है, जहां पर साफ-सफाई के बजाय गंदगी फैली हुई है। ग्रामीणों द्वारा उपजिलाधिकारी कार्यालय में की गई शिकायत पर भी कोई कार्यवाही नही हुई। क्षेत्र के ग्राम ढोला माजरा में उप स्वास्थ्य केंद्र पर ग्रामीणों द्वारा पशु बांधे जाने का मामला प्रकाश में आया है।
ग्रामीण ओमवीर सिंह ने बताया कि अस्पताल बीमार व्यक्तियों का इलाज के लिए होता है। वहीं गांव के उप स्वास्थ्य केंद्र परिसर में कुछ ग्रामीण अपने पशु बांधकर अस्पताल को बीमार करने पर तुले हुए हैं। ग्राम प्रधान द्वारा भी इस ओर कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा है। इस संबंध मे ग्रामीणों ने एसडीएम देवेंद्र कुमार पांडे से मिलकर प्रार्थना पत्र के माध्यम से शिकायत कर अवैध कब्जा हटवाए जाने की मांग की थी, परंतु दो दिन गुजर जाने के बाद भी कोई कार्यवाही नहीं हुई है।
ग्रामीण ओमवीर सिंह सुरेंद्र सिंह सहित कई ग्रामीणों ने उप स्वास्थ्य केंद्र में पशु बांधकर सरकार द्वारा आमजन के लिए चलाई जा रही स्वास्थ्य योजनाओं को पलीता लगाने वाले दोषियों के विरुद्ध जांच कर कानूनी कार्यवाही की मांग की है।
सीएचसी प्रभारी डा. अमन गोपाल ने बताया कि स्वास्थ्य उप केंद्र में पशु बांधने की जानकारी प्राप्त हुई है। इस संबंध में जांच कर अस्पताल में गंदगी फैलाने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध कार्यवाही की जाएगी।
गन्ना उत्पादकता प्रतियोगिता के लिए 15 नवंबर तक करें आवेदन
सहारनपुर : गन्ना विकास विभाग में राष्ट्रीय कृषि विकास योजना के अंर्तगत पौधा व पेड़ी संवर्ग में प्रदेश स्तर पर गन्ना उत्पादकता प्रतियोगिता का आयोजन किया जाता है। दोनों संवर्ग में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले किसान को 50 हजार रुपये की धनराशि पुरस्कार स्वरूप प्रदान की जाती है। प्रतियोगिता का उद्देश्य किसानों के मध्य स्वस्थ प्रतिस्पर्धा का संचार करना है जिससे वे प्रति हेक्टेयर अधिक उत्पादकता प्राप्त करने के लिए प्रोत्साहित हों।
उप गन्ना आयुक्त डा. दिनेश्वर मिश्र ने बताया कि वर्ष 2021-22 में प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए किसान के आवेदन प्राप्त करने की अंतिम तिथि 30 सितंबर थी। गन्ना उत्पादकता प्रतियोगिता में अधिक से अधिक किसान प्रतिभाग कर सकें इसलिए विभाग ने अंतिम तिथि को 15 नवंबर तक बढ़ा दी है।
उप गन्ना आयुक्त ने बताया कि उक्त गन्ना प्रतियोगिता के अतिरिक्त गन्ना विभाग में राज्य गन्ना प्रतियोगिता, उत्कृष्ट पुरस्कार प्रतियोगिता के साथ ही रेंज व जोनल स्तर पर भी गन्ना उत्पादकता प्रतियोगिता का आयोजन गन्ना किसानों के लिए किया जाता है। गन्ना किसान प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए संबंधित गन्ना विकास परिषद एवं समिति कार्यालय से संपर्क कर जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।