जनता को सीधा मिल रहा योजनाओं का लाभ : सुरेश राणा
प्रदेश के गन्ना मंत्री सुरेश राणा ने कहा प्रदेश सरकार द्वारा जनता के लिए चलाई जा रही योजनाएं पूरी तरह क्रियान्वित हो उनका लाभ जनता के प्रत्येक व्यक्ति को मिले इसके प्रयास सभी विभागों को करने चाहिए।
सहारनपुर, जेएनएन। प्रदेश के गन्ना मंत्री सुरेश राणा ने कहा प्रदेश सरकार द्वारा जनता के लिए चलाई जा रही योजनाएं पूरी तरह क्रियान्वित हो उनका लाभ जनता के प्रत्येक व्यक्ति को मिले, इसके प्रयास सभी विभागों को करने चाहिए।
गुरुवार को गांव भांकला में पंडित दीनदयाल उपाध्याय पशु मेले व गोष्ठी में मंत्री सुरेश राणा ने केंद्र व प्रदेश सरकार द्वारा जनहित में चलाई जा रही विभिन्न योजनाओं के बारे में जानकारी दी। उन्होंने कहा मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ स्वयं जनता के लिए चलाई जा रही सभी विभागों की योजनाओं का स्वयं आकलन करते हैं कि उसका लाभ प्रत्येक व्यक्ति तक पहुंच रहा है। पूर्व की सरकारों में सभी योजनाएं सिर्फ कागजों तक सीमित थी, लेकिन आज सभी योजनाएं पूरी तरह धरातल पर है, जिसका जनता को सीधा सीधा लाभ मिल रहा है। पूर्व कैबिनेट मंत्री वरिष्ठ नेता चौधरी वीरेन्द्र सिंह ने मुख्यमंत्री द्वारा संचालित योजनाओं के बारे में किसानों को जानकारी दी।
पिछड़ा वर्ग आयोग के उपाध्यक्ष दर्जा प्राप्त राज्य मंत्री जसवंत सैनी ने मुख्यमंत्री के द्वारा दर्जनों चलाई जा रही पशुपालकों के लिए योजनाओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी। पशु मेले व गोष्ठी की अध्यक्षता कर रहे रामपुर मनिहारान विधानसभा के भाजपा विधायक देवेंद्र निम ने कहा मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश में चारों ओर विकास की गूंज है। आज जनता जान चुकी है कि उनका विकास सिर्फ भाजपा के साथ ही संभव है। उन्होंने पशुपालन सहित अन्य विभागों की योजनाओं के बारे में पशुपालकों किसानों व उपस्थित लोगों को जानकारियां दी। गोष्टी को वरिष्ठ भाजपा नेता अभय चौधरी, प्रमुख नक्षत्र पवार, प्रमुख घनश्याम चौधरी, पूर्व प्रमुख करण सिंह, पूर्व जिलाध्यक्ष चौधरी मेला राम पवार, मुकेश चौधरी प्रमुख, मंडल अध्यक्ष विनोद पवार,अपर निर्देशक पशुपालन डाक्टर हरपाल सिंह, मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी डा. राजीव कुमार सक्सेना, ने भी गोष्ठी को संबोधित कर प्रदेश सरकार की योजनाओं व पशुपालन विभाग की विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी।
इससे पूर्व कैबिनेट मंत्री सुरेश राणा, विधायक देवेंद्र निम पिछड़ा वर्ग आयोग उपाध्यक्ष जसवंत सैनी ने पंडित दीनदयाल उपाध्याय के चित्र पर दीप प्रज्वलित कर गोष्ठी का उद्घाटन किया। तथा मेले में लगे विभिन्न विभागों के स्टाल का निरीक्षण कर विभिन्न जानकारियां ली। गोष्टी में 3528 पशुओं का रजिस्ट्रेशन कर 1785 पशुओं की जांच,10 पशुओं की सर्जरी,684 का टीकाकरण कर किसानों को विभिन्न जानकारियां तथा दवाई वितरित की गई । गोष्ठी में क्षेत्र के भाजपा नेताओं कार्यकर्ता ,किसान पशुपालक मौजूद रहे।