चुनौतियों का डटकर सामना करें छात्राएं
रेलवे कालोनी स्थित सोफिया गर्ल्स हायर सेकेंडरी स्कूल (इंग्लिश मीडियम) में यातायात जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
सहारनपुर, जेएनएन। रेलवे कालोनी स्थित सोफिया गर्ल्स हायर सेकेंडरी स्कूल (इंग्लिश मीडियम) में यातायात जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ एसपी सिटी विनीत भटनागर, एसपी ट्रैफिक अपर्णा गुप्ता, ट्रैफिक इंस्पेक्टर तेज प्रताप सिंह, प्रोग्रेसिव स्कूल सोसायटी के संयोजक सुरेंद्र चौहान एवं प्रधानाचार्या सिस्टर लूसी ने संयुक्त रूप से किया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए एसपी ट्रेफिक विनीत भटनागर ने कहा कि यातायात नियमों का पालन नहीं करने से सड़क दुर्घटनाओं का ग्राफ तेजी से बढ़ रहा है। उन्होंने छात्राओं का आह्वान किया कि ड्राइविग लाइसेंस बनवाए बिना दुपहिया वाहन का प्रयोग नहीं करें। साथ ही वह अपने अभिभावकों एवं आसपास के लोगों को यातायात के नियमों का पालन करने के लिए प्रेरित करें, ताकि दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सके। एसपी ट्रैफिक अपर्णा गुप्ता ने यातायात नियमों की जानकारी देने के साथ-साथ छात्राओं को जागरूक रहने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि समाज में महिलाओं की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है। महिलाओं को स्वयं को कभी भी निरीह, कमजोर नहीं समझना चाहिए। वास्तविकता यह है कि महिलाएं हर प्रकार से सक्षम व सशक्त हैं और किसी भी परिस्थिति का पूरे संयम तथा साहस का सामना कर सकती हैं। लिहा•ा, उन्हें तमाम चुनौतियों का डटकर मुकाबला करना चाहिए। उन्होंने छात्राओं से आत्मरक्षा के लिए तैयार रहने की अपील की। छात्राओं को छेड़खानी होने तथा उत्पीड़न के खिलाफ आवाज बुलंद करने तथा 1090 पर शिकायत करने का आह्वान किया। ट्रैफिक इंस्पेक्टर तेज प्रताप द्वारा भी छात्राओं को यातायात नियमों की जानकारी दी। संचालन आभा सक्सेना व प्रीति गर्ग ने किया। इस अवसर पर अंशिका कुमार, श्वेता गुप्ता, निधि गुप्ता, इंद्रेश गांधी, संदीप त्यागी एवं जॉनी आदि मौजूद रहे।