लूट का राजफाश, दो लुटेरे गिरफ्तार
रेलवे के लोको पायलट के साथ हुई लूटपाट के मामले में पुलिस ने 24 घंटे के अंदर दो आरोपितों को गिरफ्तार कर राजफाश कर दिया है। पकड़े गए आरोपित नशेड़ी हैं और नशे की पूर्ति के लिए लूटपाट की थी। आरोपितों से शत प्रतिशत लूटी गई रकम भी बरामद हो गई है। जिस बाइक का लूट में इस्तेमाल किया गया उसे भी पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया।
सहारनपुर, जेएनएन। रेलवे के लोको पायलट के साथ हुई लूटपाट के मामले में पुलिस ने 24 घंटे के अंदर दो आरोपितों को गिरफ्तार कर राजफाश कर दिया है। पकड़े गए आरोपित नशेड़ी हैं और नशे की पूर्ति के लिए लूटपाट की थी। आरोपितों से शत प्रतिशत लूटी गई रकम भी बरामद हो गई है। जिस बाइक का लूट में इस्तेमाल किया गया, उसे भी पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया। दोनों आरोपितों को न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।
एसपी सिटी राजेश कुमार ने पुलिस लाइन के सभागार में प्रेसवार्ता के दौरान बताया कि सुनील कुमार पुत्र रूपराम निवासी नवीन नगर औजपुरा रेलवे विभाग में लोको पायलट है। रविवार की अलसुबह करीब साढ़े तीन बजे वह अपनी बाइक से ड्यूटी से घर लौट रहे थे। नवीनगर मार्ग पर ही बदमाशों ने उन्हें रोक लिया और उनसे 1100 रुपये की नकदी, मोबाइल लूट लिया। बाइक बदमाश लूट नहीं पाए थे। यह घटना पूरी सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। पुलिस ने फुटेज के आधार पर एक बदमाश की पहचान कर ली। वह पहले भी जेल गया था, जिसके बाद पुलिस ने दबिश देकर इस बदमाश को पकड़ लिया। उसने पूछताछ में अपना नाम सुरेंद्र शर्मा पुत्र बाबूराम निवासी न्यू रूप विहार सदर बाजार बताया। सुरेंद्र शर्मा ने अपने साथी का नाम प्रेम सिंह पुत्र महीपाल सिंह निवासी नवीननगर बताया। दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया। उनसे बरामदगी भी कर ली गई। बता दें कि सुरेंद्र शर्मा हत्या और दुष्कर्म जैसे अलग-अलग दो मामलों में पहले भी जेल जा चुका है। वहीं, प्रेम सिंह पूर्व में भी लूट के मामले में जेल जा चुका है।