संविधान के कारण ही देश विकास के पथ पर अग्रसर : कमिश्नर
गणतंत्र दिवस के मौके पर मंडलायुक्त लोकेश एम ने अपने कार्यालय व जिलाधिकारी अखिलेश सिंह ने कलक्ट्रेट में ध्वजारोहण कर शपथ दिलाई। कहा कि 26 जनवरी 1950 को हमारा संविधान लागू हुआ। उन्होंने कहा कि दुनिया के सभी संविधानों का अध्ययन करने के पश्चात हमारा संविधान तैयार हुआ। संविधान के कारण ही देश विकास के पथ पर अग्रसर है।
सहारनपुर, जेएनएन। गणतंत्र दिवस के मौके पर मंडलायुक्त लोकेश एम ने अपने कार्यालय व जिलाधिकारी अखिलेश सिंह ने कलक्ट्रेट में ध्वजारोहण कर शपथ दिलाई। कहा कि 26 जनवरी 1950 को हमारा संविधान लागू हुआ। उन्होंने कहा कि दुनिया के सभी संविधानों का अध्ययन करने के पश्चात हमारा संविधान तैयार हुआ। संविधान के कारण ही देश विकास के पथ पर अग्रसर है। देश को नियमानुसार चलाने के लिए ही संविधान बनाया है। अपने-अपने कार्यों और दायित्वों का पूर्ण निष्ठा और ईमानदारी से निर्वहन करना ही संविधान के प्रति सच्ची श्रद्धा और सम्मान है। संविधान का आदर और अनुसरण करना हम सबका कर्तव्य है। मंडलायुक्त ने कहा कि गणतंत्र दिवस हमारा राष्ट्रीय पर्व है। इस पर्व को सभी धर्मों के लोग एक साथ मिलकर मनाते हैं। यह पर्व किसी धर्म, जाति या समुदाय से नहीं जुड़ा है। इस अवसर पर उन्होंने सभी को संविधान को अक्षुण्ण रखने की शपथ दिलाई। गणतंत्र दिवस के अवसर पर अपर आयुक्त प्रशासन डीपी सिंह, अपर आयुक्त बीपी राम, प्रशासनिक अधिकारी करन पाल, अरविद चौधरी, अमित जैन सहित सभी कर्मी मौजूद रहे। पुलिस लाइन में आयोजित गणतंत्र दिवस समारोह में कमिश्नर ने परेड की सलामी ली। इस मौके पर डीएम, एसएसपी व डीआईजी को सम्मान प्रतीक भी दिये गए। कलक्ट्रेट में जिलाधिकारी अखिलेश सिंह ने कलक्ट्रेट परिसर में ध्वजारोहण किया। इस अवसर पर उन्होने उपस्थित सभी कर्मियों को भारत के संविधान की शपथ दिलाई। उन्होंने कलेक्ट्रेट कर्मियों को संबोधित करते हुए कहा कि कलेक्ट्रेट में आने वाले व्यक्तियों की समस्याओं का समाधान करने के लिए हर संभव प्रयास किया जाए। यदि समस्या का समाधान आपके पटल से नहीं हो सकता तो उसे उचित मार्गदर्शन दें।