भगवान बुद्ध के बताए मार्ग पर चलने का संकल्प
जागृति फाउंडेशन द्वारा शारीरिक दूरी का पालन करते हुए भगवान बुद्ध की जयंती मनाई गई। अनुयायियों ने भगवान बुद्ध की पूजा कर उनके दिखाए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया।
सहारनपुर, जेएनएन। जागृति फाउंडेशन द्वारा शारीरिक दूरी का पालन करते हुए भगवान बुद्ध की जयंती मनाई गई। अनुयायियों ने भगवान बुद्ध की पूजा कर उनके दिखाए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया।
गुरुवार को जेजे पुरम में आयोजित कार्यक्रम में फाउंडेशन के अध्यक्ष रतिराम गौतम ने कहा कि भगवान बुद्ध का संदेश था कि जीवन के चाहे जितने भी कठिन दौर से क्यों न गुजर रहे हों, लेकिन संभलने के लिए उम्मीद की एक किरण ही काफी है। बुद्ध ने पूरा जीवन लोगों को ज्ञान का मार्ग दिखाने में बिताया। जीवन में हर कोई लड़ाई लड़ रहा है। ऐसे में एक योद्धा को निडर होकर अपने कर्मों पर ध्यान देना चाहिए। इस अवसर पर संगठन ने गरीब एवं असहाय लोगों के भोजन के लिए खाद्य सामग्री का दान किया। कार्यक्रम में केडी गौतम,भोले शंकर, इं.एसपी सिंह, ओपी नौटियाल ,अनुज कुमार, संजय कुमार, एसके गौतम, अतुल गौतम, अजय गौतम, सुमित्रा देवी, सुनीता, शिप्रा, गौरव आदि मौजूद रहे।
देवबंद : बुद्धपूर्णिमा (वैशाखी पूर्णिमा) का पर्व लॉकडाउन के चलते लोगों ने अपने घरों में ही रहकर हर्षोल्लास के साथ मनाया। दलित कल्याण मंच के उपाध्यक्ष राजकुमार जाटव, महामंत्री ओमवीर सिंह, डा. केपी सिंह ने भगवान बुद्ध की प्रतिमा के सामने मोमबत्ती जलाकर पुष्पांजलि अर्पित की। घरों में पंचशील ध्वज लगा भगवान बुद्ध के जीवन पर प्रकाश डाला गया। उन्होंने लोगों से लॉकडाउन का पालन करने, साफ-सफाई रखने और स्वास्थ्य विभाग द्वारा बताई गई सभी सावधानियों पर पूरी तरह अमल करने की अपील की।