पुलिस ने मंदबुद्धि महिला को नारी निकेतन भेजा
चिलकाना थाना प्रभारी राजेश भारती के अनुसार शनिवार रात एक 30 वर्षीय महिला बस स्टैंड के पास गोगाम्हाढी के सामने बैठी नजर आई।
सहारनपुर, जेएनएन। चिलकाना थाना प्रभारी राजेश भारती के अनुसार शनिवार रात एक 30 वर्षीय महिला बस स्टैंड के पास गोगाम्हाढी के सामने बैठी नजर आई। आसपास के दुकानदारों ने इसकी सूचना पुलिस को दी।
जिसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस महिला से उसके बारे में जानकारी जुटानी चाही, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला। जिसके बाद पुलिस उसे मंदबुद्धि मानते हुए थाने ले गई। रविवार सुबह तक उस महिला के परिजनों का कोई भी पता न चलने के कारण पुलिस ने उस महिला को नारी निकेतन भिजवा दिया।
यूपीएमएसआरए के अध्यक्ष बने विशाल शर्मा
सहारनपुर: उत्तर प्रदेश उत्तराखंड मेडिकल एंड सेल्स रिप्रेरजेंटिव संगठन की सहारनपुर की नई कार्यकारिणी का गठन किया गया। जिसमें कामरेड विशाल शर्मा
अध्यक्ष चुने गए।
उत्तर प्रदेश उत्तराखंड मेडिकल एंड सेल्स रिप्रेरजेंटिव संगठन की मनीष साहनी की अध्यक्षता में आयोजित बैठक सेंट्रल एक्जीक्यूटिव सदस्य सुरोजित मुखर्जी व ज्वाइंट जनरल सेक्रेट्री का. विमेश मिश्रा व रीजनल कन्वीनर अनिल गुप्ता की देखरेख में नई कार्यकारिणी गठित हुई, जिसमे कामरेड विशाल शर्मा अध्यक्ष, रजत वशिष्ठ उपाध्यक्ष, नंदन शर्मा सचिव, गौरव धीमान सहसचिव, अनुराग भटनागर कोषाध्यक्ष बनाए गए। इनके अलावा कामरेड उज्जवल झा, सचिन सैनी, शक्ति चडडा, सार्थक वालिया, मोहम्मद आसिफ व पंकज ठाकुर कार्यकारिणी सदस्य बनाए गए।
बीस घंटे से गुल है कई गांवों की बिजली
तल्हेड़ी बुजुर्ग: आमकी दीपचंदपुर बिजलीघर से जुड़े गांवों में पिछले 20 घंटे से विद्युत आपूर्ति ठप पड़ी है, जिससे लोगों को बड़ी परेशानी हो रही है। पहाड़पुर निवासी सुधीर कुमार, मांगेराम, शकील अहमद, सत्येंद्र सैनी, नरेंद्र सैनी, अमित, छोटा आदि ग्रामीणों ने बताया कि शनिवार की शाम में बिजली खराब हो गई थी जिससे उन्हें पूरी रात अंधेरे में गुजारनी पड़ी। रविवार दोपहर में समाचार लिखे जाने तक विद्युत आपूर्ति सुचारू नही हो पायी थी। इस बिजलीघर से जुड़े पहाड़पुर, दगड़ौली आदि गांवों के ग्रामीणों को 20 घंटे से भी ज्यादा अंधेरे में रहने के अलावा पेय जल व पशुओं का चारा काटने का संकट गहरा गया है। इतना ही नहीं मोबाइल, लैपटॉप, प्रेस आदि विद्युत चालित उपकरण भी पूरी तरह ठप्प हो गए हैं। सामान्य दिनों में इतना लंबा कट लग जाए तो समझ मे आता है, लेकिन चुनाव के समय मे इतना लम्बे वक्त तक आपूर्ति बाधित होना समझ से परे है। उधर, विद्युत अवर अभियंता केपी सिंह का कहना है कि जंगल की लाइन में फाल्ट हो जाने से विद्युत आपूर्ति बाधित हुई है। जल्द ही फाल्ट ठीक कराकर आपूर्ति चालू कर दी जाएगी।