अतिक्रमण व अवैध कब्जों से परेशान गोपाल नगर के लोग
सहारनपुर की पाश कालोनियों में शामिल नुमाइश कैंप के गोपाल नगर निवासी सड़कों पर अवैध कब्जों सड़क व नालियों तक का निर्माण नहीं होने से परेशान हैं। लोगों ने पुन नगरायुक्त से गुहार लगा समस्या का समाधान कराने की मांग की है।
सहारनपुर, जेएनएन। सहारनपुर की पाश कालोनियों में शामिल नुमाइश कैंप के गोपाल नगर निवासी सड़कों पर अवैध कब्जों, सड़क व नालियों तक का निर्माण नहीं होने से परेशान हैं। लोगों ने पुन: नगरायुक्त से गुहार लगा समस्या का समाधान कराने की मांग की है।
गोपाल नगर के वार्ड-19 के ए और बी ब्लाक के क्षेत्रवासी पिछले काफी समय से समस्या के निदान को भटक रहे हैं तथा नेताओं से लेकर अधिकारियों तक गुहार लगा चुके हैं। यही नहीं अतिक्रमण हटाने व नालियों के निर्माण की मांग को लेकर क्षेत्रवासियों ने नववर्ष के प्रथम दिन ही बैनर टांग कर जनप्रतिनिधियों व नेताओं को वोट मांगने नहीं आने की चेतावनी दी थी। इसके बावजूद समस्या का निदान नहीं किया गया। मंगलवार को भी बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी भाजपा पार्षद रमेश छाबड़ा के साथ नगर निगम पहुंचे तथा नगरायुक्त से समस्या का निराकरण कराने की मांग की। क्षेत्र के लोगों का कहना था कि अवैध कब्जों के कारण आवागमन मुश्किल हो रहा है तथा नालियों के अभाव में गंदगी फैली रहती है। उन्होंने कहा कि वह अतिक्रमण, टूटी सड़क व नालियों से परेशान हैं तथा समस्त कालोनी वासी अतिक्रमण हटाए जाने के पक्षधर हैं। नगरायुक्त ज्ञानेद्र सिंह ने समस्या का जल्द समाधान कराने का आश्वासन दिया। इस दौरान कर्ण फुटेला, चंद्रभान, अनिल कुमार, नरेश, सुन्दर लाल, सोनू, कुनाल, आरती, सुधा, नवीन कुमार, पूनम, अनिल, देवेन्द्र, दीपक, जीवन तनेजा, अशोक मौजूद रहे।
संस्कार भारती के नए पदाधिकारी बनाए
जागरण संवाददाता, सहारनपुर :
अखिल भारतीय संस्था संस्कार भारती की वर्चुअल बैठक में प्रांतीय अध्यक्ष डा.वागीश दिनकर द्वारा कार्यकारिणी का विस्तार करते हुए नए पदाधिकारियों को दायित्व सौंपे गए।
प्रांतीय अध्यक्ष डा. वागीश दिनकर द्वारा सहारनपुर विभाग संयोजक डा. लोकेश वत्स, महानगर अध्यक्ष-अरविद मित्तल, महामंत्री-रामकुमार शर्मा, कोषाध्यक्ष-मनोज कुमार जैन, जिला हेतु अध्यक्ष-मुकुल गुप्ता, महामंत्री- नकुल खन्ना, कोषाध्यक्ष- स्तुति शर्मा को नियुक्त किया गया। मार्गदर्शन अखिल भारतीय संगठन मंत्री अभिजीत गोखले ने दिया। विशिष्ट अतिथि के रूप में बांकेलाल गौड़ एवं क्षेत्र प्रमुख देवेंद्र रावत ने भी अपने विचार रखे। बैठक की अध्यक्षता प्रान्तीय अध्यक्ष डा. वागीश दिनकर ने तथा संचालन प्रांतीय महामंत्री डा. सुधाकर आशावादी ने किया।