नवविवाहित गर्भवती की ससुराल में हत्या का आरोप, आरोपित फरार
रामपुर मनिहारान में नवविवाहित गर्भवती महिला की ससुरालियों ने गला दबाकर हत्या कर दी है जिसके बाद आरोपित घर से फरार हो गए। मृतका के पिता ने बेटी की हत्या का आरोप लगाते हुए आठ लोगों को नामजद किया है।
सहारनपुर, जेएनएन। रामपुर मनिहारान में नवविवाहित गर्भवती महिला की ससुरालियों ने गला दबाकर हत्या कर दी है, जिसके बाद आरोपित घर से फरार हो गए। मृतका के पिता ने बेटी की हत्या का आरोप लगाते हुए आठ लोगों को नामजद किया है।
गांव भैंसराउ थाना नानौता निवासी हरि सिंह ने तहरीर में बताया कि उसने अपनी बेटी वर्षा की शादी जून 2020 में सुमित पुत्र ताराचंद निवासी गांव अहमदपुर के साथ हिदू रीति रिवाज के साथ की थी तभी से उसका पति व अन्य परिवार के लोग दहेज की मांग करते आ रहे थे। कई बार पंचायतों के बाद भी ससुराल के लोग नहीं माने व एक लाख नकद की मांग पर अड़े रहे। रविवार की सुबह उनके पास फोन आया जिससे पता लगा कि वर्षा की हत्या कर दी गई है। मृतका के परिजन सीधे अहमदपुर पहुंचे घर से सभी फरार थे केवल वर्षा का शव गले मे दुपट्टे से बंधा मिला। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पूरी घटना की जानकारी ली। बाद में थाने में मृतका के पिता हरि सिंह ने पुलिस को तहरीर देकर मृतका वर्षा के पति सुमित,सास सरोज,ससुर तारा चंद, नन्द उषा,मोनिका,आरती,प्रीति व चाचा राजेन्द्र के खिलाफ मामला दर्ज कराया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। समाचार लिखे जाने तक सभी आरोपी फरार थे।
कोतवाली प्रभारी इस्पेक्टर कुलदीप सिंह ने बताया की मृतका वर्षा के पिता की तहरीर पर आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है आरोपितों को अति शीघ्र गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा।
मतगणना में कोविड गाइडलाइन की उड़ाई धज्जियां
नानौता: त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव की मतगणना रविवार को नगर के मित्रगढ़ रोड स्थित श्री राम कृष्ण इंटर कालेज में हुई।
इस दौरान लोगों ने कोरोना को लेकर जारी सरकारी गाइडलाइन की खूब धज्जियां उड़ाई। ना तो शारीरिक दूरी और ना ही मास्क का सही तरीके से प्रयोग किया गया। नगर पंचायत कोविड-19 गाइडलाइन का पालन करने को लेकर सतर्क करता रहा, इसके बाद भी लोग नियमों का पालन सही तरीके से नहीं कर रहे थे।