New Strain of COVID-19: इंग्लैंड से आया वृद्ध जांच में निकला कोरोना पॉजिटिव, सहारनपुर में Strain-2 का खतरा
UK से एक वृद्ध चुपचाप Saharanpur आए और नेहरू मार्केट में रहने लगे। करीब 11 दिन बाद स्वास्थ्य विभाग को पता चला तो टीम ने कोरोना टेस्ट किया जिसमें वह पाजिटिव मिले। वृद्ध का सैंपल जांच के लिए लखनऊ भेजा गया है। पूना में भी सैंपल की जांच होगी।
सहारनपुर, जेएनएन। यूनाइटेड किंगडम से लौट रहे लोगों पर स्वास्थ्य विभाग की नजर है। बावजूद इसके एक वृद्ध चुपचाप आए और नेहरू मार्केट में रहने लगे। करीब 11 दिन बाद स्वास्थ्य विभाग को पता चला तो शुक्रवार को टीम ने कोरोना टेस्ट किया, जिसमें वह पाजिटिव मिले। वृद्ध का सैंपल जांच के लिए लखनऊ भेजा गया है। पूना में भी सैंपल की जांच होगी। इस जांच के बाद नए स्ट्रेन के बारे में कुछ पता चलेगा। फिलहाल उन्हें राजकीय मेडिकल कालेज में बने इंटरनेशनल कोरोना वार्ड में भर्ती कराया है।
सीएमओ डा. बीएस सोढ़ी ने बताया कि शुक्रवार को सूचना मिली कि इंग्लैंड से 60 वर्षीय व्यक्ति शहर की नेहरू मार्केट में 20 दिसंबर को आया हुआ है। टीम घर पहुंची। एंटीजन जांच में व्यक्ति पाजिटिव पाया गया। सीएमओ का कहना है कि वृद्ध को भर्ती करने के बाद उनका सैंपल लेकर लखनऊ भेजा है। लखनऊ के बाद सैंपल की पूना लैब में नए स्ट्रेन की जांच होगी। सीएमओ का कहना है कि वृद्ध के सैंपल में नए स्ट्रेन के बारे में अभी कुछ नहीं कहा जा सकता।
इंग्लैंड में सालों से रहता है परिवार
कोरोना पाजिटिव मिले वृद्ध का परिवार करीब 10 साल से इंग्लैंड में रहता है। वह किसी काम से 20 दिसंबर को सहारनपुर आए थे। वृद्ध का कहना है कि उनका एयरपोर्ट पर टेस्ट हुआ, जिसमें निगेटिव आए थे। इसके बाद वह दिल्ली समेत कई अन्य स्थानों पर गए।