सीमा विवाद में पिलर्स के पुन: सर्वे का कार्य शुरू
गंगोह क्षेत्र में हरियाणा व यूपी सीमा विवाद के निस्तारण को अधिकारी दोनों राज्यों के संबंधित जनपदों के प्रशासनिक अधिकारियों ने कवायद शुरु कर दी है।
सहारनपुर, जेएनएन। गंगोह क्षेत्र में हरियाणा व यूपी सीमा विवाद के निस्तारण को अधिकारी दोनों राज्यों के संबंधित जनपदों के प्रशासनिक अधिकारियों ने कवायद शुरु कर दी है। दोनों राज्यों के प्रशासनिक अधिकारियों की बैठक बुधवार को निरीक्षण भवन पर आयोजित की गई जिसमें किसानों की समस्याओं को भी सुना गया।
हरियाणा व यूपी की जमीन भूमि कटाव के चलते एक दूसरे के राज्यों में चली जाती है, जो दोनों प्रदेशों के किसानों के बीच लम्बे समय से विवाद व मारपीट का कारण बनती रही है। सीमा विवाद के निस्तारण को सर्वे ऑफ इंडिया द्वारा नकुड तहसील से शामली तक पिलर्स लगवाये थे। जिनके पुन: सर्वे के कार्य को शुरू किया गया है। एसडीएम पूरण सिंह राणा के अनुसार गांव उमरपुर व शेरगढ़ टापू के किसानों के भूमि विवादों का निपटारा हो चुका है। जिसके रिकार्ड बनाने के काम को अन्तिम रूप दिया जा रहा है। बुधवार को सार्वजनिक निर्माण विभाग के निरीक्षण गृह पर दोनों राज्यों के अधिकारियों की बैठक आयोजित की गई। बैठक में नकुड़ तहसील से एसडीएम पूरण सिंह राणा, तहसीलदार देवेंद्र सिंह, नायब तहसीलदार अजब सिंह राणा, कोतवाल भगवत सिंह, लेखपाल सुरेंद्र कुमार, राकेश कुमार, राजेश्वर, भरत सिंह शामिल हुए जबकि करनाल के इंद्री तहसील से नायब तहसीलदार हवा सिंह व होशियार सिंह, कानूनगो श्रवण कुमार, लेखपाल जसवीर व राजेश कुमार शामिल हुए।
बैठक में दोनों और के अनेक किसान भी अपनी समस्याएं लेकर पहुंचे। बैठक में मुख्य रूप से धुंधामाजरा जमीनी विवाद छाया रहा। एसडीएम पूर्ण सिंह राणा ने बताया कि 51 किल्ले जमीन को लेकर नबियाबाद इंद्री निवासी जोगेंद्र व रोशन आदि के बीच न्यायालय में विवाद चल रहा है। मामले को लेकर दोनों पक्षों में तनाव बना हुआ है। इस मामले में 145 की कार्रवाई की प्रक्रिया भी चल रही है। दोनों पक्षों को चेतावनी दी गई है कि वह आपस मे झगड़ा न करें नही तो सख्त कार्रवाई होगी। उन्होंने बताया कि पिलर्स के सर्वे का काम भी तेजी से चल रहा है। सर्वे पूरा होते ही इसकी रिपोर्ट सर्वे ऑफ इंडिया को भेजी जाएगी।
अधिकारियों ने बैठक में आए अन्य किसानों के कागजात की जांच पड़ताल भी की। कागजात देखने के बाद अधिकारियों ने किसानों को आश्वस्त किया कि न्यायिक प्रक्रिया के तहत ही कार्रवाई अमल में लाई जा रही है, किसी के साथ अन्याय नहीं होगा। एसडीएम के अनुसार गांव उमरपुर व शेरगढ़ टापू के किसानों के भूमि विवादों का निपटारा हो चुका है। जिसके रिकार्ड बनाने के काम को अन्तिम रूप दिया जा रहा है।