सहारनपुर : बाग में मिला युवक का शव, गला दबाकर हत्या की आशंका
सहारनपुर कोतवाली क्षेत्र के कंपनी बाग में रविवार की तड़के एक युवक का शव पड़ा मिला है। युवक के शरीर पर कोई चोट के निशान नहीं है। हालांकि गले पर कुछ निशान दिख रहे हैं। अनुमान है कि किसी ने उसकी गला दबाकर हत्या की है।
सहारनपुर, जेएनएन। शहर कोतवाली क्षेत्र के कंपनी बाग में रविवार की तड़के एक युवक का शव पड़ा मिला है। युवक के शरीर पर कोई चोट के निशान नहीं है। हालांकि गले पर कुछ निशान दिख रहे हैं। अनुमान है कि किसी ने उसकी गला दबाकर हत्या की है। पुलिस ने पहले पहचान करने की कोशिश की, लेकिन पहचान नहीं हो पाई। इसके बाद शव को मर्चरी में भिजवा दिया है।
शहर कोतवाली क्षेत्र के कंपनी बाग में रोजाना की तरह लोग घूमने के लिए गए थे। कुछ लोगों ने वहां पर एक युवक का शव पड़ा देखा। जिसके बाद डायल 112 पर सूचना दी गई। शहर कोतवाली प्रभारी राकेश सिंह अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। आसपास के लोगों को बुलाकर शव की पहचान करने की कोशिश की, लेकिन पहचान नहीं हो पाई। मृतक के पास में पड़ा हुआ एक बटुआ मिला है। जिसमें कुछ कागजात और पैसे हैं। इन्हीं कागजों के आधार पर उसकी पहचान करने की कोशिश की जा रही है।
युवक की आखों पर चश्मा लगा हुआ है। उसने काली चेकदार शर्ट पहनी हुई है। हल्के लाल रंग की पेंट पहने हुए है। शहर कोतवाली प्रभारी राकेश कुमार सिंह ने बताया कि पहचान की कोशिश की जा रही है। शव को पहचान के लिए 72 घंटे के लिए मर्चरी पर रखवा दिया है। अनुमान है कि मृतक शनिवार की शाम कंपनी बाग में घूमने आया होगा। इसलिए माना जा रहा है कि वह आसपास का ही रहने वाला है।