डीएम आवास पर हुआ हरियाली तीज का भव्य कार्यक्रम
हरियाली तीज के अवसर पर जिलाधिकारी आवास पर भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। डीएम की पत्नी निशा सिंह ने सभी को बधाई देते हुए तीज को हर्षोल्लास उमंग और श्रद्धाभाव से मनाया।
सहारनपुर, जेएनएन। हरियाली तीज के अवसर पर जिलाधिकारी आवास पर भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। डीएम की पत्नी निशा सिंह ने सभी को बधाई देते हुए तीज को हर्षोल्लास, उमंग और श्रद्धाभाव से मनाया। सुहागिनों ने अखंड सौभाग्य के लिए मां गौरी की पूजा-अर्चना की। अन्य वक्ताओं ने भी विचार रखे। कार्यक्रम में महिलाओं ने सावन के गीतों पर नृत्य किया। इसके बाद मेहंदी प्रतियोगिता हुई, इसमें बड़ी संख्या में महिलाओं ने भाग लिया।
जिलाधिकारी आवास पर आयोजित हरियाली तीज में निशा सिंह ने महिलाओं के साथ अपने आवास पर विधि-विधान के साथ शिव-पार्वती का पूजन किया। इस मौके पर महिलाओं ने सावन के मंगल गीतों के साथ घरों में झूलों पर पींगे बढ़ाकर हरियाली तीज पर्व का उत्साह और उमंग के साथ लुत्फ उठाया। तीज को लेकर महिलाएं काफी उत्साहित दिखीं। कोरोना संक्रमण के कारण हालांकि महिलाओं ने घरों से निकलना उचित नहीं समझा। पौराणिक मान्यताओं के अनुसार हरियाली तीज का त्योहार सुहागिन महिलाओं के लिए बहुत महत्वपूर्ण होता है। इस दिन महिलाएं निर्जला व्रत रखती हैं। इस दिन भगवान शिव और माता पार्वती की पूजा होती है। हिदू पंचांग के अनुसार, हर साल श्रावण मास के शुक्ल पक्ष की तृतीया तिथि को हरियाली तीज का त्योहार मनाया जाता है। मान्यता है कि भगवान शिव ने माता पार्वती के तप से प्रसन्न होकर विवाह के लिए हां कह दिया था।
कार्यक्रम में जनपदीय न्यायाधीश की पत्नी गायत्री त्रिपाठी, एसएसपी की पत्नी मुक्ता, नगर आयुक्त की पत्नी अंतिमा तथा अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) की पत्नी शिखा सहित बड़ी संख्या में महिलाएं शामिल रही।