रोजगार उपलब्ध कराने की मांग
टपरी की बंद शराब फैक्ट्री कर्मचारियों ने पुन शुरू कराने अथवा इसमें कार्यरत बेरोजगार हो चुके कर्मचारियों को रोजगार उपलब्ध कराने की मांग की है।
सहारनपुर, जेएनएन। टपरी की बंद शराब फैक्ट्री कर्मचारियों ने पुन: शुरू कराने अथवा इसमें कार्यरत बेरोजगार हो चुके कर्मचारियों को रोजगार उपलब्ध कराने की मांग की है। गरीब मजदूर व ठेकेदारों के प्रतिनिधिमंडल ने डीएम को ज्ञापन देकर कहा कि वह डिस्टलरी में पेटी बनाना, बाटल वाशिग, मेकेनिकल, ट्रांसपोटेशन आदि के कार्यों से वर्षों से जुड़े हैं। गत 3 मार्च को एसटीएफ ने छापेमारी कर फैक्ट्री बंद करा दी थी, जिसके कारण समस्त स्थाई व अस्थाई कर्मचारी बेरोजगार होकर रह गए हैं। वर्तमान में करीब एक हजार परिवार आर्थिक तंगी का सामना कर रहे हैं। उन्होंने फैक्ट्री जल्द शुरू कराने अथवा फैक्ट्री बंद रहने की दशा में अन्य स्थान पर रोजगार उपलब्ध कराने की मांग की। मांग करने वालों में जयराम विनोद राय, तसलीम, संजय शर्मा, राजेश सिंह शुभम कौशिक, विरेन्दर झा, आलोक कुमार आदि शामिल रहे।
वार्षिक महोत्सव पर परिणय सूत्र में बंधे तीन जोड़े
सहारनपुर: श्रीराम बालाजी सेवा समिति का वार्षिक महोत्सव धूमधाम से मनाया गया। पूरे विधि-विधान और मंत्रोच्चारण के साथ तीन कन्याओं का विवाह कराया गया। इस मौके पर नवदंपति को घरेलू जरूरत का सामान उपहार स्वरूप भेंट किया गया।
गोशाला रोड स्थित अग्रवाल धर्मशाला में श्री राम बाला जी सेवा समिति परिवार का वार्षिक महोत्सव मनाया गया। तीन सौभाग्यशाली निर्धन कन्याओं का विवाह विधिविधान से विद्वान पंडितों द्वारा कराया गया। समिति के अध्यक्ष सचिन गोयल ने बताया की समिति द्वारा हर वर्ष में निर्धन कन्याओं का विवाह कराया जाता है।
समिति पदाधिकारियों व अतिथियों द्वारा वर-वधू को आशीर्वाद दिया गया। उन्हें घरेलू जरूरत का सामान उपहार स्वरूप भेंट किया। इस अवसर पर समिति के संरक्षक चौधरी माई दयाल सिंह मित्तल, हितेश गर्ग, मुख्य यजमान सतीश सिघल, विश्वनाथ गोयल, सुरेंद्र पाहुजा, कुलदीप धमीजा, मोहित बंसल, अनिल अग्रवाल, राहुल जैन, विशाल वर्मा, अरविद अग्रवाल, वैभव जैन, हर्षित गर्ग, राजा जैन, राजकुमार मित्तल, सौरभ मित्तल, रोहित वर्मा मुकेश शर्मा, पंकज चौधरी, रवि सैनी, शुभम गुप्ता, मनीष चौहान, सचिन शर्मा आदि उपस्थित रहे।