कोर्ट रोड पुल कार्य का पूर्व विधायक ने किया निरीक्षण
निर्माण कार्य के चलते कोर्ट रोड रेलवे पुल बंद होने से नगर की जनता को परेशानी हो रही है। इसे देखते हुए पूर्व विधायक राजीव गुंबर ने पार्षदों व भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ पुल का निरीक्षण किया।
सहारनपुर, जेएनएन। निर्माण कार्य के चलते कोर्ट रोड रेलवे पुल बंद होने से नगर की जनता को परेशानी हो रही है। इसे देखते हुए पूर्व विधायक राजीव गुंबर ने पार्षदों व भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ पुल का निरीक्षण किया। उन्होंने प्रोजेक्ट मैनेजर के साथ निर्माण कार्य की प्रगति पर चर्चा की।
गुरुवार को पुल पर पहुंचे पूर्व विधायक राजीव गुंबर ने प्रोजेक्ट मैनेजर चन्द्र माउल्डी व रेलवे के अधिकारी यूके शर्मा के साथ चल रहे कार्य को देखा। इस अवसर पर चन्द्र माउल्डी व यूके शर्मा ने कहा कि यदि सभी संबंधित विभागों का सहयोग मिल जाए तो सभी कार्य जल्द पूरा कर लिया जाएगा। राजीव गुंबर ने तत्काल अधिशासी अभियन्ता अनिल कुमार वर्मा से फोन पर पुल पर से गुजर रही 33,000 केवी की लाइन हटाने के लिए चल रहे कार्य में सहयोग करने को कहा। पुल के बराबर से गुजर रही दूर संचार की भूमिगत तारों को हटवाने में सहयोग के लिए डीजीएम नरेशचंद्र से फोन पर वार्ता की। इनके अलावा महापौर व नगर आयुक्त से भी वार्ता की। निरीक्षण के दौरान पार्षद भगत सिंह, पुनित चौहान, मुकेश गक्खड, संजय गर्ग, महानगर उपाध्यक्ष प्रवीन उपस्थित रहे।
लेखन एवं क्विज प्रतियोगिता आयोजित
देवबंद : राजकीय माडल महाविद्यालय कपूरी गोविदपुर में गुरुवार को अंतरराष्ट्रीय मातृभाषा सप्ताह के अंतर्गत लेखन एवं क्विज प्रतियोगिता हुई। लेखन में भावना, तनिका और खुशी जबकि क्विज में शिवानी शर्मा, मानवी और प्रियंका क्रमश: प्रथम, द्वितीय व तृतीय स्थान पर रहीं। प्राचार्य डा. विपिन कुमार गिरि ने कहा कि मातृभाषा से लगाव होना मनुष्य का जन्मजात गुण है। डा. अरविद कुमार, डा. रेणु, डा. नितिन कुमार, रजत जैन, अंकुर तोमर मौजूद रहे।