पटाखा फैक्ट्री के पटाखों में विस्फोट, कई झुलसे, एक की मौत, एक लापता Sharanpur News
सहारनपुर कोतवाली देहात क्षेत्र के पुआरका में रविवार दोपहर करीब डेढ़ बजे पटाखा फैक्ट्री में शार्ट सर्किट से जबरदस्त विस्फोट हुआ। कई मजदूर झुलसे।
सहारनपुर, जेएनएन। कोतवाली देहात क्षेत्र के पुआरका में रविवार दोपहर करीब डेढ़ बजे पटाखा फैक्ट्री में शार्ट सर्किट से जबरदस्त विस्फोट हुआ। विस्फोट के बाद फैक्ट्री में आग लग गई। धमाके के दौरान फैक्ट्री में करीब 30 मजदूर काम कर रहे थे। आग लगते ही वहां अफरा-तफरी मच गई। करीब आधा दर्जन मजदूर आग की लपटों में बुरी तरह से फंस गए जिनमें से दो की हालत नाजुक बनी हुई है। एक मजदूर लापता है, जिसकी तलाश की जा रही है।
धमाके से लगी आग
बताया जा रहा है कि थाना सदर बाजार क्षेत्र के मोहल्ला चंद्र नगर के रहने वाले सरदार लवली सिंह की पुआरका में पटाखा फैक्ट्री है। रविवार को भी अन्य दिनों की तरह अंदर काम चल रहा था कि दोपहर करीब डेढ़ बजे शॉर्ट सर्किट होने से फैक्ट्री में धमाका हुआ और आग लग गई। आग लगने से अंदर काम कर रहे करीब 30 मजदूर फंस गए। पता लगते ही सीएफओ तथा कोतवाली देहात पुलिस मौके पहुंची। दमकल कर्मियों ने आग में फंसे मजदूरों को बाहर निकालना शुरू कर दिया। आग से बुरी तरह से झुलसे हसीन तथा एक अन्य मजदूर को अस्पताल में भर्ती करा दिया है, जिनकी हालत चिंताजनक बनी हुई है। अतुल नाम का एक मजदूर समाचार लिखे जाने तक नहीं मिला था जिसकी तलाश की जा रही है इसके अलावा करीब 3 से 4 मजदूर मामूली रूप से झुलसे हैं।