समझौते का पालन न करने पर मिलकर्मियों में रोष
गागलहेड़ी (सहारनपुर) : दया शुगर मिल कर्मचारी संघ ने विभिन्न मांगों को लेकर मिल प्रबंधन से हु
गागलहेड़ी (सहारनपुर) : दया शुगर मिल कर्मचारी संघ ने विभिन्न मांगों को लेकर मिल प्रबंधन से हुए लिखित समझौते का पालन न करने पर नाराजगी जताई है। चेताया कि अगर मिल प्रबंधन ने 14 दिनों के भीतर समस्याओं का समाधान नहीं कराया तो धरना प्रदर्शन किया जाएगा।
मिल उपाध्यक्ष की अनुपस्थिति में मिल गेट पर चस्पा पत्र में कर्मचारी संघ अध्यक्ष संदीप यादव ने अवगत कराया कि सात मई 2018 को मिल प्रबंधन ने कर्मचारियों के साथ लिखित समझौता किया था, जिसमें कर्मचारियों को नियमानुसार वेज बोर्ड वेतन, कर्मचारियों का बकाया वेतन भुगतान, हटाये गए कर्मचारियों को डयूटी पर रखना व कर्मचारियों का पीएफ सही काटे जाना शामिल था। कर्मचारी संघ अध्यक्ष ने बताया कि कर्मचारियों का पीएफ खाता संख्या 278940 में कटता था। बंदी के बाद प्रबंधन ने नए खाते में पीएफ काटना शुरू किया। तीन महीने बाद प्रबंधन ने पुन: नए खाते में पीएफ काटना शुरू कर दिया, जिससे कर्मचारियों के तीन तीन पीएफ नम्बर होने से समस्या उत्पन्न हो गई। नियमानुसार कर्मचारी का पीएफ खाता एक ही होना चाहिए। कर्मचारियों का आरोप है कि मिल प्रबंधन पीएफ काटे जाने वाले खातों के नम्बर बताने को तैयार नहीं है। मिल प्रबंधन द्वारा लिखित समझौता करने के बाद भी कर्मचारियों की समस्याओं का समाधान नहीं किया जा रहा।