बारिश होने से बढ़ी ठंड, लोग परेशान
गंगोह में मौसम ने गुरुवार तड़के से लेकर दोपहर तक बार-बार रंग बदले। तेज हवा के साथ पिछले कई दिनों से क्षेत्र में ठंड का असर बढ़ता जा रहा है।
सहारनपुर, जेएनएन। गंगोह में मौसम ने गुरुवार तड़के से लेकर दोपहर तक बार-बार रंग बदले। तेज हवा के साथ पिछले कई दिनों से क्षेत्र में ठंड का असर बढ़ता जा रहा है। लोगों को धूप के दर्शन भी बहुत ही कम हो पा रहे हैं। सुबह के समय कोहरा भी अपना असर दिखा रहा है जिससे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। बता दें कि बुधवार रात आसमान बिलकुल साफ था, जिससे यह उम्मीद थी कि गुरुवार को मौसम साफ रहेगा। तड़के ही बूंदाबांदी हुई और उसके बाद आसमान साफ होने के बाद दिन निकलने तक घना कोहरा छाया रहा। कोहरे के कारण वाहनों की रफ्तार भी बेहद कम हो गई। लाइट जलाकर चलना पड़ा। बूंदाबांदी होने के बाद ठंड ज्यादा बढ़ गई जिससे आम आदमी घर में ही दुबका रहा। दुकानदार दुकानों पर आए लेकिन ग्राहक नजर नहीं आए। प्रशासन ने ठंड से बचाव के लिए ग्रामीण क्षेत्रों में कोई प्रयास नही किए हैं। नगर में भी ठंड से बचाव को समुचित इंतजाम नहीं किए गए हैं। लगातार बढ़ रही ठंड से लोग नजला-जुकाम से भी परेशान हो गए हैं। ठंड के कारण जहां सब्जी किसान परेशान हैं। वहीं उनका पशुओं का चारा पानी करना भी मुश्किल हो रहा है।
संवाद सूत्र, रामपुर मनिहारान: हल्की बूंदाबांदी से गुरुवार को ठिठुरन ओर बढ़ गई। नतीजा यह रहा कि लोग दिन में ही अलाव का सहारा लेते नजर आए। बारिश की बूंदा बांदी व सर्दी की वजह से बाजारों में ग्राहकों की भीड़ कम रही। लोग जगह जगह अलाव जलाकर सेकते नजर आए।