दिल्ली रोड सहित 11 वार्डो में चलाया सफाई अभियान
नगर निगम द्वारा महानगर के 11 वार्ड में विशेष सफाई अभियान चलाने के साथ शाम को दिल्ली रोड पर भी अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान एंटी लार्वा चूना मेलाथियान आदि का छिड़काव भी किया गया।
सहारनपुर, जेएनएन। नगर निगम द्वारा महानगर के 11 वार्ड में विशेष सफाई अभियान चलाने के साथ शाम को दिल्ली रोड पर भी अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान एंटी लार्वा, चूना, मेलाथियान आदि का छिड़काव भी किया गया। सफाई निरीक्षकों और सफाई नायकों को नगर आयुक्त ने निर्देश दिए कि वे अपने-अपने वार्डो को कूड़ा मुक्त करने के प्रयास तेज करें।
नगर आयुक्त ज्ञानेंद्र सिंह के निर्देश पर बुधवार की शाम दिल्ली रोड पर हसनपुर चौक से केआर प्लाजा तक विशेष सफाई अभियान चलाया गया। इस दौरान सफाई के अलावा नालों की भी सफाई की गई। एंटी लार्वा, चूना व मेलाथियान का छिड़काव किया गया। नगर स्वास्थ्य अधिकारी डा. कुनाल जैन के नेतृत्व में महानगर के 11 वार्डो में सफाई अभियान चलाया। अभियान के दौरान मुख्य सफाई निरीक्षक चंद्रपाल सिंह भी मौजूद रहे।
नगर आयुक्त ज्ञानेंद्र सिंह ने कहा कि वे अपने-अपने वार्डो को कूड़ामुक्त करने के लिए प्रयास तेज करें और वार्डो में शत प्रतिशत कूड़ा कलेक्शन कराना सुनिश्चित करें।
विमान हादसे की घटना बेहद दुखद: मलिक
छुटमलपुर: उत्तराखंड अल्पसंख्यक कल्याण एवं वक्फ विकास निगम के पूर्व निदेशक मो. मुजतबा मलिक ने विमान हादसे में सीडीएस बिपिन रावत व उनकी पत्नी और अन्य अधिकारियों के निधन पर गहरा दु:ख जताते हुए कहा कि इस ह्रदयविदारक घटना ने आम जनमानस को झकझोर कर रख दिया है। हम ईश्वर से दिवंगत आत्माओं की शांति के लिए प्रार्थना करते हैं।
भाजपा पिछड़ा मोर्चा प्रदेश मंत्री बिजेंद्र कश्यप ने कहा है कि घटना से पूरा देश स्तब्ध है। बिपिन रावत की देश सेवा को कभी भुलाया नहीं जा सकता है। वरिष्ठ कांग्रेस नेता मेहरबान आलम ने भी घटना को अत्यंत दुखद बताया। अंजुमन हिमायत ए इस्लाम के अध्यक्ष मुफ्ती अताउर्रहमान जमील कासमी ने कहा है कि विमान दुर्घटना में सीडीएस बिपिन रावत और अन्य अधिकारियों के निधन की खबर स्तब्ध करने वाली है।
किसान ऊर्जा सुरक्षा की जानकारी दी
नकुड़: विद्युत निगम व यूपी नेडा द्वारा आयोजित गोष्ठी में किसानों को प्रधानमंत्री किसान ऊर्जा सुरक्षा एवं उत्थान महा अभियान योजना के बारे में जानकारी दी। ब्लाक सभागार में आयोजित गोष्ठी में अधिशासी अभियंता राजवीर सिंह ने बताया कि विद्युत सब स्टेशन के कृषि फीडरों को सौर ऊर्जा से जोड़ा जाएगा। किसान अपनी भूमि को 25 वर्ष के लिए सौर ऊर्जा विकास ऊर्जा को लीज के लिए किराए का निर्धारण कर प्रस्ताव संबंधित वेबसाइट पर दे सकते हैं। इस दौरान परियोजना प्रभारी आरपी वर्मा के अलावा किसान मौजूद रहे।