नाटकीय ढंग से लापता कपड़ा व्यापारी आठ घंटे बाद मिला
सहारनपुर: शहर का कपड़ा व्यापारी शनिवार को रहस्यमयी ढंग से लापता हो गया। पुलिस ने गुमशु
सहारनपुर: शहर का कपड़ा व्यापारी शनिवार को रहस्यमयी ढंग से लापता हो गया। पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कर जांच-पड़ताल शुरू की तो उसका मोबाइल सोनीपत के मुरथल से बरामद हो गया। शाम करीब साढ़े सात बजे व्यापारी ने अपनी बहन को फोन कर कहा, मैं गाजियाबाद के लोनी में हूं, रात तक लौट आउंगा।
मिशन कंपाउंड निवासी कपड़ा व्यापारी बलदेव सुखेजा का बेटा कार्तिक सुखेजा (27) शनिवार सुबह घर से दुकान के निकला था, मगर दुकान पर नहीं पहुंचा। दोपहर करीब एक बजे बलदेव दुकान पर पहुंचे तो शटर बंद दिखा। बेटे को फोन मिलाया, लेकिन फोन नहीं उठा। बलदेव अपनी पत्नी वीणा के साथ थाने पहुंचे और अपहरण की आंशका जताई। इसी बीच कार्तिक ने अपने मोबाइल से मां के मोबाइल पर फोन किया और कहा, फाटक के पास कुछ लोग नशा सुंघाकर उसे कहीं ले आए हैं। ये खतरनाक लोग हैं, मुझे बचा लो..। इसके बाद फोन कट गया।
इंस्पेक्टर सदर बाजार अशोक कुमार सोलंकी ने मोबाइल की लोकेशन निकलवाई तो वह सोनीपत के मुरथल में मिली। कुछ देर बाद फोन मिलाया तो बात हो गई, मगर यह फोन मुरथल पुलिस के पास था। पुलिस को फोन लावारिस हालत में मिला था। इंस्पेक्टर ने बताया कि पुलिस की एक टीम मुरथल रवाना कर दी गई है। साथ ही बताया कि शाम करीब 7.30 बजे कार्तिक ने अपनी बहन को फोन पर बताया कि वह गाजियाबाद के लोनी में है और रात तक लौट आएगा।
सात दिसंबर को है शादी
कार्तिक के लापता होने की खबर पर व्यापारियों व रिश्तेदारों का उनके आवास पर जमावड़ा लग गया। कार्तिक के मौसा ने बताया कि सात दिसंबर को कार्तिक की शादी होनी थी। लड़की पक्ष बरेली का है। उन्होंने बताया कि उसका मोबाइल तो मिला है, लेकिन फिरौती के लिए कोई कॉल नहीं आई है।