भीम आर्मी संविधान समर्थक बहुजन सरकार बनाने में सहयोग करेगी : चंद्रशेखर
भीम आर्मी प्रमुख चंद्रशेखर ने कहा कि 2019 का लोकसभा चुनाव संविधान समर्थकों व संविधान विरोधियों के बीच होगा। भाजपा सरकार को उखाड़कर बहुजन सरकार बनाने में सहयोग करेगा।
सहारनपुर (जेएनएन)। भीम आर्मी प्रमुख चंद्रशेखर ने कहा कि 2019 का लोकसभा चुनाव संविधान समर्थकों व संविधान विरोधियों के बीच होगा। बहुजन मिशन का गठबंधन तानाशाही और भ्रष्टाचारी भाजपा सरकार को उखाड़कर संविधान को मानने वाली बहुजन सरकार बनाने में सहयोग करेगा। बुधवार को यहां अपने अभिनंदन समारोह में भीम आर्मी प्रमुख चंद्रशेखर ने कहा कि सामाजिक ढांचे को बदलकर एकता कायम की जाएगी। मंगलवार को उन्हें जमीयत उलमा-ए-हिन्द के राष्ट्रीय अध्यक्ष मौलाना अरशद मदनी का भी आशीर्वाद मिला है। उन्होंने भाजपा पर आरोप लगाते हुए कहा कि सरकार झूठ के दम पर बनी है। दो करोड़ युवाओं को रोजगार देने का वादा कहां चला गया। बोले, बहुजन मिशन 2019 में भाजपा से सत्ता छीनकर ही दम लेगा। भाजपा सरकार तीन तलाक जैसे मामलों में हस्तक्षेप कर रही है, जो अनुचित है।
उत्पीडऩ करने करने वाले कर रहे एसएसटी एक्ट का विरोध
आरक्षण के बारे में पूछे गए सवाल पर चंद्रशेखर ने कहा कि बहुजन समाज मिशन को ताकत मिलती है तो वह जाति व्यवस्था ही खत्म कर देंगे, जिससे आरक्षण स्वत: समाप्त हो जाएगा। एससी-एसटी एक्ट भी नहीं रहेगा। सवर्णों को भी इसका फायदा मिलेगा। उन्होंने कहा कि इस एक्ट का विरोध सभी नहीं कर रहे हैं। सिर्फ वह लोग विरोध कर रहे हैं जो उत्पीडऩ करना चाहते हैं।
बुआ को दिखाया जा रहा सीबीआइ का डर
चंद्रशेखर ने मायावती का नाम लिए बिना कहा कि बुआ से मेरा खून का रिश्ता है। यह सरकार उन्हें सीबीआइ का डर दिखा रही है, लेकिन उन्हें डरने की जरूरत नहीं है। भीम आर्मी मिशन उनके साथ है। वह गठबंधन का हिस्सा बनें, सरकार उनका कुछ नहीं बिगाड़ पाएगी।
दिल्ली के मंत्री और आर्मी प्रमुख की गुफ्तगू
दिल्ली सरकार में समाज कल्याण मंत्री राजेंद्र पाल गौतम ने कहा कि वह बहुजन मूवमेंट से जुड़े हैं, लिहाजा मूवमेंट के सिपाही पहले हैं और मंत्री बाद में। बाबा साहेब के संविधान को अपमानित नहीं होने देंगे। इसे बदलने का प्रयास कर रहे लोगों को सत्ता से बाहर कर देंगे। बुधवार को वह भीम आर्मी प्रमुख चंद्रशेखर से मिलने उनके सहारनपुर स्थित आवास पर पहुंचे थे। दोनों ने बंद कमरे में करीब आधा घंटे बात की। इससे पूर्व चंद्रशेखर ने कहा, संविधान में प्रदत्त अधिकारों व सुविधाओं को 85 प्रतिशत समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना ही हमारा उद्देश्य है। भीम आर्मी के राष्ट्रीय अध्यक्ष विनय रतन ने कहा कि हम अपने मूवमेंट को कमजोर नहीं पडऩे देंगे। इसके लिए चाहे जो कुर्बानी देनी पड़े। आम आदमी पार्टी अल्पसंख्यक मोर्चा के उतराखंड प्रदेश संयोजक शारिक अफरोज भी चंद्रशेखर से मुलाकात करने पहुंचे।