आला अधिकारियों ने देवबंद पहुंच लिया सुरक्षा व्यवस्था का जायजा
उत्तर प्रदेश में एक बार फिर कमल खिलाने के लिए भाजपा नेतृत्व ने कमर कस ली है। इसी कड़ी में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह शनिवार को हाट सीट कही जाने वाली देवबंद विधानसभा में आएंगे और डोर-टू-डोर जनसपंर्क कर भाजपा प्रत्याशी कुंवर बृजेश सिंह की जीत का रास्ता साफ करेंगे। गृहमंत्री के कार्यक्रम को लेकर शुक्रवार को आला अधिकारियों ने देवबंद पहुंच सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।
सहारनपुर, जेएनएन। उत्तर प्रदेश में एक बार फिर कमल खिलाने के लिए भाजपा नेतृत्व ने कमर कस ली है। इसी कड़ी में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह शनिवार को हाट सीट कही जाने वाली देवबंद विधानसभा में आएंगे और डोर-टू-डोर जनसपंर्क कर भाजपा प्रत्याशी कुंवर बृजेश सिंह की जीत का रास्ता साफ करेंगे। गृहमंत्री के कार्यक्रम को लेकर शुक्रवार को आला अधिकारियों ने देवबंद पहुंच सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।
केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह शनिवार को दोपहर दो बजे मुजफ्फरनगर से देवबंद पहुंचेंगे और ढ़ाई बजे तक नगर में डोर-टू-डोर जनसंपर्क कर भाजपा को मजबूत बनाने का आहवान करेंगे। उनका यहां एमबीडी चौक से सुभाष चौक व बाजार में जनसंपर्क का कार्यक्रम है। इसके बाद वह नागल के गांव कोटा के लिए रवाना होंगे। गृह मंत्री के देवबंद दौरे को लेकर शुक्रवार की दोपहर डीआईजी प्रीतिंदर सिंह, डीएम अखिलेश कुमार और एसएसपी आकाश तोमर ने दिल्ली से आई स्पेशल टीम के साथ जनसंपर्क करने वाले स्थल का पैदल निरीक्षण करते हुए सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। वहीं, देवबंद में होने वाले गृह मंत्री के जनसंपर्क कार्यक्रम को लेकर विधायक कुंवर बृजेश सिंह व जिलाध्यक्ष डाक्टर महेंद्र सैनी समेत भाजपा कार्यकर्ता तैयारियां चुस्त-दुरुस्त करने में मशगूल रहे। एसएसपी आकाश तोमर ने बताया कि गृहमंत्री अमित शाह की सुरक्षा के लिए पुलिस बल के साथ बीएसएफ के जवान तैनात रहेंगे।
यह रहेगा कार्यक्रम
जास, सहारनपुर : केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह शनिवार को देवबंद व सहारनपुर नगर में पार्टी प्रत्याशियों के समर्थन में जनसंपर्क कर जनता से वोट की अपील करेंगे। साथ ही प्रभावी मतदाता संवाद करेंगे। गृहमंत्री अमित शाह शनिवार को मुजफ्फरनगर से सड़क मार्ग से 2 बजकर 5 मिनट पर देवबंद पहुंचेंगे। 2 बजकर 10 मिनट से 2.30 देवबंद बाजार में जनसंपर्क करेंगे। 2.30 बजे देवबंद से इंद्रप्रस्थ इंस्टीटयूट आफ मैनेजमेंट एंड टेक्नोलाजी कोटा 3.15 तक का समय आरक्षित रखा गया है। उसके बाद 3.15 से 4 बजे तक कोटा में ही प्रभावी मतदाता संवाद करेंगे। इसके बाद सड़क मार्ग से सहारनपुर पहुचेंगे, जहां वह 4.20 से सांय 5.20 बजे तक संगठनात्मक बैठक करेंगे। सांय 5.30 बजे से सांय 6 बजे तक न्यू शारदानगर में जनसंपर्क करेंगे। इसके बाद वह सांय 6.20 बजे सड़क मार्ग से वायुसेना स्टेशन सरसावा पहुंचेंगे। वहां से 6.25 बजे विशेष विमान से दिल्ली जाएंगे।