नाबालिग के साथ दुष्कर्म के आरोपित सगे मौसा को गिरफ्तार कर जेल भेजा Saharanpur News
सहारनपुर में पुलिस ने रविवार को एक नाबालिग बच्ची के साथ दुष्कर्म के आरोपित सगे मौसा को गिरफ्तार करके जेल भेज दिया।
सहारनपुर, जेएनएन। रामपुर मनिहारान पुलिस ने एक नाबालिग बच्ची के साथ दुष्कर्म के आरोपित सगे मौसा को गिरफ्तार करके जेल भेज दिया। मुकदमा दर्ज होने के बाद पुलिस गांव में आरोपित की तलाश में थी। रविवार को घर पर सामान लेने आए आरोपित को पुलिस ने धर दबोचा।
बेटे को जान से मारने की धमकी
गौरतलब है कि क्षेत्र के एक गांव निवासी व्यक्ति ने अपनी बेटी के साथ उसके सगे मौसा द्वारा दुष्कर्म करने का आरोप लगाया था। उनके अनुसार मौसा ने उनके बेटे को जान से मारने की धमकी देकर बेटी के साथ दुष्कर्म किया। बेटी मौसा के ही घर पर रह रही थी। एसएसपी के आदेश पर शनिवार की रात आरोपित ध्यान सिंह के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था।
घर से भागने की फिराक में था
थाना प्रभारी उमेश रोरिया के नेतृत्व में एसएसआई सुदेश कुमार ने टीम के साथ मिलकर आरोपित मौसा ध्यान सिंह को उसके घर से दबोच लिया। बताया जा रहा है कि आरोपित घर से भागने की फिराक में था। इंस्पेक्टर ने जानकारी देते हुए बताया कि आरोपित ध्यान सिंह बच्ची को डरा धमकाकर पिछले छह माह से दुष्कर्म कर रहा था। शनिवार को ही पीड़ित के परिजनों के द्वारा आरोपित के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया था।