कार्यकर्ता हताश न हों, किसी का उत्पीड़न नहीं होने दूंगी : जयाप्रदा
भारतीय जनता पार्टी की प्रत्याशी एवं फिल्म अभिनेत्री जयाप्रदा ने कहा कि उन्हें रामपुर में बड़ी संख्या में वोट मिले हैं। साढ़े चार लाख वोट कम नहीं होते हैं। इसके लिए वह रामपुर की जनता की आभारी हैं। इसके बाद भी वह जीत नहीं सकीं। कार्यकर्ता हताश न हों।
जागरण संवाददाता, रामपुर : भारतीय जनता पार्टी की प्रत्याशी एवं फिल्म अभिनेत्री जयाप्रदा ने कहा कि हमें रामपुर में बड़ी संख्या में वोट मिले हैं। साढ़े चार लाख वोट कम नहीं होते हैं। इसके बाद भी वह जीत नहीं सकीं। कार्यकर्ता हताश न हों। किसी भी हालत में उनका उत्पीड़न नहीं होने देंगी। हर माह रामपुर आती रहेंगी। प्रदेश और केंद्र में भाजपा की सरकार है, इसलिए जिले का विकास भी कराएंगी। पूर्व सांसद ने शुक्रवार को अपने समर्थकों के साथ चुनाव नतीजों की समीक्षा की। इस दौरान यह बात भी सामने आई कि सोशल मीडिया पर ऐसे मैसेज चल रहे हैं कि पार्टी के ही गद्दारों ने ही धोखा दिया है, जयाप्रदा हारी नहीं, हराया गया है। इस बारे में उन्होंने कहा कि ऐसे लोगों को चिह्नित किया जाएगा और फिर हाईकमान को अवगत कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि रामपुर की जनता ने उन्हें हमेशा प्यार दिया है। वह दो बार यहां से सांसद रही हैं। केंद्र में मोदी जी को प्रचंड बहुमत मिला है, यह बहुत ही खुशी की बात है। देश में अब तेजी से विकास होगा और देश मजबूत होगा। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी ही देश के हित में काम कर रही है। यह बात लोकसभा चुनाव में मिले प्रचंड बहुमत से साबित हो चुकी है। जात-पात की राजनीति को जनता ने नकार दिया है। इस मौके पर भारतीय जनता पार्टी लघु उद्योग प्रकोष्ठ के पश्चिमी उत्तर प्रदेश संयोजक आकश सक्सेना हनी ने भी संगठन की मजबूती पर जोर दिया।