कोरोना से मौत के बाद महिला का दो स्वजनों की मौजूदगी में हुआ दफन
रामपुर कोरोना बीमारी से मौत के बाद महिला का शव मुरादाबाद से एम्बुलेंस द्वारा सीधे कब्रिस्ता
रामपुर : कोरोना बीमारी से मौत के बाद महिला का शव मुरादाबाद से एम्बुलेंस द्वारा सीधे कब्रिस्तान ले जाया गया, जहां दो स्वजनों की मौजूदगी में दफन कर दिया गया। महिला सिविल लाइंस कोतवाली क्षेत्र के रामनाथ कालोनी की रहने वाली थी। 50 वर्षीय महिला मधुमेह से पीड़ित थी। तबीयत खराब होने पर आठ जुलाई को उनकी कोरोना की जांच हुई थी। 11 जुलाई को रिपोर्ट पॉजीटिव आई थी। उनकी हालत ज्यादा बिगड़ने पर मुरादाबाद के टीएमयू में भर्ती कराया गया था, जहां सोमवार को उनकी मौत हो गई थी। महिला अपने दो बच्चों के साथ रहती थी। पति उनके साथ नहीं रहते थे। सोमवार रात 11 बजे उनका शव एम्बुलेंस से यहां लाया गया। शव को सीधे रेलवे स्टेशन के पास कब्रिस्तान में ले जाकर दफन करा दिया गया। दफन से पहले चार लोगों का कंधा भी महिला को नसीब नहीं हुआ। अधिकारियों और पुलिस की मौजूदगी में मृतका के भाई और एक अन्य रिश्तेदार ने दफन किया। दफन से पहले दोनों को पीपीई किट पहनाई गई। कब्र को भी ब्लीचिग पाउडर से सैनिटाइज किया गया।