कोरोना और संचारी रोगों से निपटने को मिलकर करें प्रयास
जागरण संवाददाता रामपुर प्रदेश के जलशक्ति राज्यमंत्री बलदेव सिंह औलख ने कहा कि वर्तमान सम
जागरण संवाददाता, रामपुर : प्रदेश के जलशक्ति राज्यमंत्री बलदेव सिंह औलख ने कहा कि वर्तमान समय अत्यंत चुनौतीपूर्ण है। इसमें प्रशासन एवं जनप्रतिनिधियों के साथ ही आमजन को भी कोरोना वायरस एवं संचारी रोगों की रोकथाम व बचाव के लिए अपने-अपने स्तर से प्रयास करने होंगे, तब ही हालातों पर विजय प्राप्त करना संभव हो सकेगा। वह विकास भवन सभागार में नगर पालिकाओं व नगर पंचायतों के अध्यक्षों के साथ बैठक कर रहे थे।
इस मौके पर नोडल अधिकारी विकास गोठलवाल ने कहा कि जनपद में ग्रामों की साफ-सफाई शहरी क्षेत्रों की तुलना में संतोषजनक है। नगर पालिका एवं नगर पंचायतों को वृहद स्तर पर कार्ययोजना बनाते हुए कार्य करने की आवश्यकता है। जिलाधिकारी आन्जनेय कुमार सिंह ने कहा कि नगर पालिका एवं नगर पंचायतों में बरसात के दौरान पानी के निकास के लिए नालियों की सफाई बेहद जरूरी है। इसके लिए नालों पर जनता द्वारा किए गए अवैध अतिक्रमण को हटवाना होगा। साथ ही कहा कि सरकार द्वारा विकास के लिए नगर पालिकाओं को उपलब्ध कराए गए धन को विकास कार्यों में ही लगाया जाए तथा सफाई पर आने वाले खर्च की आपूर्ति के लिए वार्ड में प्रत्येक घर के अनुसार सफाई करने के लिए नियमानुसार न्यूनतम चार्ज भी लगाया जाए। उस धनराशि का उपयोग सफाई कर्मियों के भुगतान के लिए किया जाए। इससे नगरपालिका के लिए आय का स्त्रोत भी बनेगा साथ ही सरकारी धन का निर्धारित उद्देश्य एवं विकास कार्यों पर सदुपयोग भी हो सकेगा। इस अवसर पर उत्तर प्रदेश राज्य निर्माण सहकारी संघ के अध्यक्ष सूर्य प्रकाश पाल, मुख्य विकास अधिकारी शिवेंद्र कुमार सिंह, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व राम भरत तिवारी, नगर मजिस्ट्रेट सर्वेश कुमार गुप्ता, उप जिलाधिकारी सदर प्रवीण कुमार वर्मा आदि उपस्थित रहे।