दुल्हन गई जयमाला के लिए, चोरों ने घर को बनाया निशाना
टांडा (रामपुर) चोरों ने शादी वाले घर को ही निशाना बना लिया।
टांडा (रामपुर) : चोरों ने शादी वाले घर को ही निशाना बना लिया। कमरे के ताले तोड़कर उसमें रखी दो लाख तीस हजार की नगदी एवं सोने- चांदी के जेवरात समेत तीन लाख का माल साफ कर दिया। घटना के बाद एक तरफ जहां शादी की खुशियों में रंग में भंग पड़ गया तो वहीं परिवार सदमे में है। घटना की तहरीर पुलिस को दे दी गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
घटना सैदनगर नगर चौकी क्षेत्र की है। सैदनगर निवासी भीम सेन की बेटी पूजा का शनिवार को वैवाहिक कार्यक्रम था। मुरादाबाद से बरात आई थी। बरात शनिवार की शाम को आई थी। परिवार के सभी लोग वैवाहिक कार्यक्रम में व्यस्त थे। पंडाल घर से कुछ ही दूरी पर था। बुलावा आने कमलेश बेटी पूजा को लेकर जयमाला के लिए पंडाल चली गईं। इस दौरान घर में मौजूद महिलाएं व रिश्तेदार भी साथ चले गए जिससे घर खाली हो गया। इसी का फायदा चोरों ने उठा लिया। चोरों ने कमरे के दरवाजे का ताला तोड़कर अलमारी में रखी दो लाख तीस हजार की नकदी एवं दो बेटियों के सोने व चांदी के जेवरात साफ कर दिए। बड़ी बेटी कंचन के जेवरात भी अलमारी में रखे थे। उसका विवाह छह माह पूर्व हुआ था।
गृहस्वामिनी कमलेश ने बताया कि रात्रि 12 बजे जयमाला का कार्यक्रम चल रहा था। इसी बीच लोगों ने बताया कि गांव में चोर घूम रहे हैं। उसी समय अपनी छोटी बेटी को घर देखने भेजा तो उसने बताया कि कमरे का ताला टूटा पड़ा है। सामान कमरे में बिखरा पड़ा है। यह सुनते ही उसके होश उड़ गए। वह उसी समय घर आई तो देखा कि कमरे के दरवाजे का ताला गायब है। अलमारी में रखे सोने-चांदी के जेवरात एवं नगदी गायब मिली। चोरी की घटना से शादी की खुशियां काफूर हो गईं। घटना की सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई।
चौकी इंचार्ज राजीव गंगवार का कहना है कि घटना की सूचना पर मौका-मुआयना किया है। घटना की जांच की जा रही है। तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।