भारतीय मुसलमानों की नागरिकता सौ फीसदी सुरक्षित : नकवी
गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या पर बोले केंद्रीय अल्पसंख्यक कार्य मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी
जागरण संवाददाता, रामपुर : केंद्रीय अल्पसंख्यक कार्य मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी ने कहा कि नागरिकता संशोधन कानून से किसी की नागरिकता को कोई खतरा नहीं है। भारतीय मुसलमानों की नागरिकता 100 फीसदी सुरक्षित है। यह बात उन्होंने गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या पर शंकरपुर स्थित अपने आवास पर भाजपा पदाधिकारियों की मीटिग के दौरान कही।
श्री नकवी शनिवार शाम रामपुर पहुंचे। आवास पर पदाधिकारियों के साथ बैठक की। कहा कि सीएए के विरोध में कुछ शरारती लोग मुसलमानों को गुमराह करने का प्रयास कर रहे हैं, ऐसे लोगों से सावधान रहने की जरूरत है। भाजपा नेता लोगों को समझाएं कि इस कानून से किसी की नागरिकता को कोई खतरा नहीं है। यह नागरिकता देने का कानून है, लेने का नहीं। इसलिए किसी की भी नागरिकता जाने का सवाल ही नहीं उठता। उन्होंने राष्ट्रीय मतदाता दिवस के अवसर पर कहा कि सभी को अपने मताधिकार का महत्व समझना चाहिए। 18 वर्ष की आयु पूर्ण कर चुके युवाओं को अपना वोट बनवाना चाहिए। उन्होंने कहा कि लोगों को नोटा का प्रयोग करने के बजाय अपने मताधिकार का सही इस्तेमाल करना चाहिए। इससे पूर्व भाजपा कार्यकर्ताओं ने कोसी फ्लाईओवर पर केंद्रीय मंत्री का कार्यकर्ताओं ने फूल माला पहनाकर जोरदार स्वागत किया। इसके बाद काफिले के साथ शंकरपुर पहुंचे।
इस मौके पर उत्तर प्रदेश राज्य निर्माण सहकारी संघ के अध्यक्ष सूर्य प्रकाश पाल, जिला पंचायत अध्यक्ष चंद्रपाल सिंह, भाजपा जिलाध्यक्ष अभय गुप्ता, विधायक राजबाला, पूर्व मंत्री शिव बहादुर सक्सेना, भारत भूषण गुप्ता, कपिल आर्य, मोहनलाल सैनी, राजीव मांगलिक, ज्वाला प्रसाद गंगवार, जुगेश अरोरा, सुभाष भटनागर, श्रीष गुप्ता आदि मौजूद रहे। केंद्रीय मंत्री श्री नकवी रविवार को गणतंत्र दिवस के मौके पर पुलिस लाइन में होने वाले समारोह में शामिल होंगे।