लालपुर में कोसी का अस्थाई पुल तैयार
रामपुर। टांडा में लालपुर अस्थाई कोसी पुल शुरू होने से क्षेत्र के लोगों में खुशी है लेकिन खुशी अधूरी है। कोसी नदी के इस पार से पुल तक रास्ते में गहरे गडढे व रेता भरा होने से वाहन फंस रहे हैं। बाइक सवार गिर रहे हैं। जिसको लेकर क्षेत्र के लोगों में रोष है। ग्रामीणों ने खोचर डलवाने की मांग की है।
रामपुर। टांडा में लालपुर अस्थाई कोसी पुल शुरू होने से क्षेत्र के लोगों में खुशी है, लेकिन खुशी अधूरी है। कोसी नदी के इस पार से पुल तक रास्ते में गहरे गडढे व रेता भरा होने से वाहन फंस रहे हैं। बाइक सवार गिर रहे हैं। जिसको लेकर क्षेत्र के लोगों में रोष है। ग्रामीणों ने खोचर डलवाने की मांग की है।
लालपुर स्थित कोसी नदी पर अस्थाई पुल तैयार हो गया है जो करीब चार माह पहले सेतु निगम द्वारा हटा दिया गया था। पिछले दिनों दैनिक जागरण के द्वारा चलाई गई मुहिम पर प्रशासन ने अब फिर से उसे तैयार करा दिया है। उसे यातायात के लिए भी खोल दिया गया। इससे क्षेत्र के लोगों ने राहत महसूस करने के साथ खुशी भी जताई है। लेकिन पुल शुरू होते ही खुशी भी अधूरी रह गई। लालपुर की ओर से कोसी नदी से होकर अस्थाई पुल तक पहुंचने में लोगों की हालत खराब हो रही है। रेता भरा रास्ता व रास्ते में गहरे गड्ढों के कारण पुल तक पहुंचना दुश्वार हो रहा है। रेत में बाइक तथा सवारियों से भरा ई रिक्शा आदि के पहिए धंस रहे हैं। जिन्हें लोगों के सहारे धक्का देकर निकालने में सभी को खासी मशक्कत करनी पड़ रही है। बाइक सवार रेत में पहिए धंसने से गिरकर घायल हो रहे हैं। पैदल चलने वालों विशेषकर महिलाओं तथा छोटे बच्चों के लिए परेशानी बरकरार है।
क्षेत्र के लोग 46 सालों से खराब लालपुर कोसी पुल की समस्या से जूझ रहे हैं। प्रशासन के प्रयास से सेतु निगम हर बार बरसात शुरू होने से पहले अस्थाई पुल तोड़ देता है। बरसात बाद फिर से उसी अस्थाई पुल का निर्माण कर देता है। अस्थाई पुल बनने के बावजूद समस्या का हल नहीं निकल पाता है। परेशानी लगातार बनी रहती है।
लालपुर निवासी खालिद हसन, खेम सिंह प्रजापति, मुहम्मद तलहा, लियाकत अली, मुहम्मद इरफान, अहसान अली, मुहम्मद तौफीक, तब्बू अली, आकाश सैनी, मशकूर अहमद, मंजूर तुर्की, विनोद सैनी आदि ने जिला अधिकारी से कोसी नदी के इस पार खोचर डलवाकर रास्ता ठीक कराने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि रास्ता खराब होने के कारण अस्थाई पुल का निर्माण अधूरा है।