टांडा के युवक की अफ्रीका में गोली मारकर हत्या
टांडा (रामपुर) टांडा के युवक की दक्षिण अफ्रीका में लूट के बाद गोली मारकर हत्या कर दी।
टांडा (रामपुर) : टांडा के युवक की दक्षिण अफ्रीका में लूट के बाद गोली मारकर हत्या कर दी। घटना से स्वजनों में शोक की लहर दौड़ गई।
नगर के मुहल्ला भब्बलपुरी निवासी 25 वर्षीय आरिफ अपने भाई अतीक व शफीक के साथ साउथ अफ्रीका के शहर केपटाउन में रहकर मोबाइल की दुकान चलाते थे। पिछले दस वर्ष से वहीं रहते थे। डेढ़ साल पहले घर आये था। स्वजनों के अनुसार बुधवार को सवेरे मुहम्मद आरिफ केपटाउन में अपने कमरे में ही था। इसी दौरान किसी ने दरवाजे पर दस्तक दी। आरिफ ने दरवाजा खोला तो बाहर खड़े बदमाशों ने गोली चला दी जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। गोली की आवाज सुनकर आसपास के लोग आ गए। लोगों को आता देख बदमाश मौके से फरार हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में कर पीएम के लिए भेज दिया। युवक की मौत की सूचना से स्वजनों में शोक की लहर दौड़ गई। मौके पर मौजूद मृतक के भाई अतीक का कहना है कि एक साल पहले भी हमला हुआ था लेकिन, तब बच गए थे।
गुरुवार को जानकारी होने पर घर रिश्तेदारों की भीड़ जमा हो गई। परिजनों के अनुसार शव को स्वदेश लानी की तैयारी की जा रही है।
आरिफ करीब दस वर्ष से साउथ अफ्रीका में रहकर मोबाइल की दुकान चलाता था। बाद में उसने अपने दोनों भाइयों अतीक व शफीक को भी दक्षिण अफ्रीका बुला लिया। चार भाइयों में वह सबसे बड़ा था। डेढ़ वर्ष पहले ही मृतक की शादी हुई थी।