अचानक बदले मौसम ने कराया ठंड का अहसास
कोहरे की चादर भी सुबह पौने दस बजे तक छाई रही हाईवे पर भारी वाहनों को धीमी गति से गुजरना पड़ा
जागरण संवाददाता, रामपुर : रविवार की सुबह अचानक बदले मौसम ने लोगों को एक बार फिर ठंड का अहसास करा दिया। इस दौरान ठंड के चलते सुबह में बाजार भी देर से खुले। वहीं कोहरे की चादर भी सुबह लगभग पौने दस बजे तक वातावरण पर छाई रही। इससे नेशनल हाईवे पर भारी वाहनों को लाइट जलाकर धीमी गति से वाहन गुजारना पड़ा।
बीते कुछ दिनों से ठंड गायब हो चली थी। सूर्यदेव की लगातार मेहरबानी के चलते लोगों को दिन भर गुनगुनी धूप सेंकने को मिल रही थी। इससे लोग काफी राहत महसूस कर रहे थे। उन्होंने भारी गर्म कपड़े भी उठा कर एक ओर रख दिए थे। लग रहा था जैसे ठंड जा चुकी है। मौसम अच्छा होने से सड़कों और बाजारों की रौनक भी काफी बढ़ गई थी, लेकिन शनिवार को आधी रात के बाद आसमान में अचानक कोहरे की चादर छाने लगी। दिन निकला तो वातावारण पर कोहरा हावी था। इसके साथ ही हवा में सिहरन भी मौजूद थी। इसके चलते कई लोगों की आंख भी देर से खुली। अलसाए लोग देर तक बिस्तरों में दुबके रहे। अवकाश का दिन होने के कारण बच्चों को जरूर ठंड में स्कूल जाने की परेशानी से छुटकारा मिल गया। उधर सड़क पर कोहरा होने के कारण वाहनों की रफ्तार भी काफी धीमी रही। 10 बजे के बाद कोहरे को चीर कर सूरज की किरणों ने धरती का रुख किया तो सुकून का अहसास हुआ।