शहजादनगर पुलिस ने पकड़े बाइक चोर, 11 बाइक मिली
शहजादनगर पुलिस ने पकड़े बाइक चोर 11 बाइक मिली
जागरण संवाददाता, रामपुर : शहजादनगर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। बाइक चोरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया है। दो आरोपितों को भी गिरफ्तार किया है। उनसे चोरी की 11 बाइक भी बरामद की हैं।
जिले में बाइक चोरी की घटनाएं बढ़ गई हैं। आए दिन बाइक चोरी की घटनाएं हो रही हैं। ऐसे में बाइक चोरों को पकड़ना पुलिस के लिए चुनौती बन गया था। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर सभी थानों की पुलिस बाइक चोरी करने वालों की तलाश में थी। बुधवार को शहजादनगर पुलिस को कामयाबी मिल गई। शहजादनगर थाना प्रभारी परवेज कुमार चौहान के मुताबिक हाईवे पर झुनइया गांव के पास बंद पड़े एक ढाबे पर बाइक चोरी करने वाले गिरोह के दो सदस्यों की सूचना मिली थी। सूचना पर वह टीम के साथ वहां पहुंच गए। पुलिस को देख दोनों भागने लगे। दोनों को घेरकर पकड़ लिया। दोनों के कब्जे से चोरी की 11 बाइक मिली हैं, जिसे होटल में छुपाकर रखा था। आरोपित बरेली जिले के थाना मीरगंज क्षेत्र के चुरई गांव के महबूब अली और इरशाद हैं। दोनों से बरामद बाइक ज्यादातर रामपुर से चोरी की गई हैं। दोनों इन बाइक को बेचने के लिए वहां ग्राहक का इंतजार कर रहे थे। इन बाइक मालिकों के संबंध में थानों से जानकारी की जा रही है।