पनबड़िया नई बस्ती में नौ साल पहले बिछी पाइप लाइन, फिर भी नहीं आ रहा पानी
रामपुर पनबड़िया नई बस्ती में पेयजल के लिए लगभग नौ साल पहले पाइपलाइन डाली गई थी।
रामपुर : पनबड़िया नई बस्ती में पेयजल के लिए लगभग नौ साल पहले पाइपलाइन डाली गई थी। मगर अभी तक इसमें पेयजल सप्लाई शुरू नहीं की गई है। पानी के लिए कुछ लोगों के घरों में हैंडपंप लगे हैं, जिसमें हल्का पीला पानी आता है। इसके अलावा कुछ लोग कालोनी के बाहर सड़क पर लगे इंडिया मार्का हैंडपंप से पानी भरकर लाते हैं। ऐसे में हैंडपंप के कई चक्कर काटने पड़ते हैं। इससे लोग परेशान हैं। लोगों ने पेयजल लाइन में सप्लाई शीघ्र शुरू कराने की मांग की।
लोगों का कहना है कि पनबड़िया नई बस्ती की कालोनी वार्ड-एक में लगती है। इस कालोनी में लगभग नौ वर्ष पूर्व बसपा सरकार में पेयजल की लाइन बिछाई गई थी। इस दौरान सूबे में सत्ता परिवर्तन होने पर प्रदेश में सपा सरकार बन गई। इसके बाद काम रुक गया। पिछली सपा सरकार में शहर में पेयजल के लिए कई ओवर हेड टैंक बने। इसके अलावा कई कालोनियों में पाइप लाइनें भी डलवाई गईं, लेकिन इस कालोनी में पेयजल लाइन पड़ी होने के बावजूद घरों तक पानी पहुंचाने के लिए कोई इंतजाम नहीं किया। वर्तमान में प्रदेश में भाजपा सरकार है, लेकिन इस सरकार में भी अभी तक कालोनी में पेयजल सप्लाई नहीं हो सकी है। कुछ लोगों ने अपने-अपने घरों में हैंडपंप लगवा रखे हैं। यह कम गहराई के हैं, जिनमें अक्सर हल्का पीला पानी आता है। इसके अलावा कुछ लोग बस्ती के बाहर लगे हैंडपंप से पानी भरकर लाते हैं। गर्मियों में हैंडपंप खराब होने पर काफी दिक्कत होती है। लोगों ने कालोनी में शीघ्र पेयजल सप्लाई शुरू कराने की मांग की है।
-----
पनबड़िया नई बस्ती में टयूबवेल लग गया है लेकिन, अभी तक बिजली का कनेक्शन नहीं हो सका है। बिजली का कनेक्शन होने पर इस कालोनी में पेयजल सप्लाई शुरू करा दी जाएगी।
- विकास चौहान, जलकल अभियंता
------
पनबड़िया नई बस्ती में नौ साल पूर्व पेयजल की पाइप लाइन डाली गई थी। मगर इसमें पेयजल की अभी तक सप्लाई शुरू नहीं हो सकी है। इससे लोगों को दिक्कत होती है।
राजेंद्र सिंह। पेयजल की लाइन पड़े नई बस्ती में कई साल बीत चुके हैं। मगर अभी तक पेयजल की सप्लाई नहीं शुरू हो सकी है। लोग काफी दूर लगे हैंडपंप से पानी भरकर लाते हैं।
फूल चंद्र। लोगों ने अपने-अपने घरों में पीने के पानी के लिए हैंडपंप लगवा रखे हैं, जो कम बोर के हैं। इन हैंडपंपों से हल्का पीला पानी निकलता है। पेयजल की सप्लाई शुरू कराएं।
आकाश। भीषण गर्मी के दिनों में वाटर लेवल कम हो जाता है। वाटर लेवल ज्यादा गिरने पर घर में लगे हैंडपंप खराब होने लगते हैं। ऐसे में बाहर लगे हैंडपंप पर काफी भीड़ लगती है।
चमेली देवी। पेयजल की पाइप लाइन पड़ने के बावजूद अभी तक सप्लाई शुरु नहीं कर गई है। इससे लोगों को शुद्ध पेयजल भी नहीं मिल पा रहा है। शीघ्र पेयजल की लाइन शुरू कराएं।
सागर सिंह। पेयजल की पाइप लाइन पड़ने के नौ साल बाद भी लोगों के घरों तक पानी नहीं पहुंच सका है। इससे लोग दूर लगे हैंडपंप से पानी भरकर लाने को मजबूर हैं।
शनिपाल।