पंचायतों के आरक्षण पर आज से दाखिल होंगी आपत्ति
रामपुर पंचायतों में किए गए आरक्षण पर गुरुवार से आपत्ति दाखिल करने की प्रक्रिया शुरू हो जाएगी।
रामपुर : पंचायतों में किए गए आरक्षण पर गुरुवार से आपत्ति दाखिल करने की प्रक्रिया शुरू हो जाएगी। इसके बाद इनका निस्तारण किया जाएगा।
जिला पंचायत, क्षेत्र पंचायत और ग्राम पंचायतों के आरक्षण की सूची मंगलवार को ही जारी कर दी गई थी। इस पर चार मार्च से आठ मार्च तक आपत्ति दाखिल की जाएंगी।
जिला पंचायत राज अधिकारी वीरेंद्र सिंह ने बताया कि सुबह 10 से पांच बजे तक जिला पंचायत, ब्लाक और जिला पंचायत राज अधिकारी कार्यालय में आपत्ति दाखिल हो सकेंगी। नौ मार्च को सभी आपत्ति जिला पंचायत राज अधिकारी के कार्यालय में एकत्र होंगी। इसके बाद 10 से 12 मार्च तक इनका निस्तारण किया जाएगा। 13 व 14 मार्च को अंतिम प्रकाशन होगा। इसके बाद 15 मार्च को शासन को भेजी दी जाएगी। आरक्षण में धांधली का आरोप
पंचायत चुनाव में किए गए आरक्षण को लेकर बहुजन समाज पार्टी के जिलाध्यक्ष सुरेंद्र सिंह सागर ने डीएम को भेजे पत्र में कहा है कि पंचायती राज विभाग ने आरक्षण के संबंध में शासनादेश जारी किया है। इसमें चक्रानुक्रम लागू हुआ है। इसमें पूर्व में जो वार्ड जिस श्रेणी में आरक्षित रह चुका है, वह वार्ड उसी श्रेणी में आरक्षित नहीं होगा। रामपुर जिला पंचायत वार्डों में वर्ष 2015 में वार्ड दो, 19, 33 की जो क्षेत्र आबादी है। यह अनुसूचित जाति में आरक्षित रहा है। यही वार्ड अब भी अनुसूचित के लिए आरक्षित है। इस तरह आरक्षण होने से शासनादेश का उल्लंघन है। वर्ष 2015 में अनुसूचित जाति के लिए आरक्षित वार्डों की संख्या छह थी जबकि इस बार पांच है। डीएम से शासनादेश के अनुसार ही आरक्षण कराने के लिए कार्रवाई करने की मांग की है। सभी वार्डों में चुनाव लड़ेगी बसपा
बहुजन समाज पार्टी की बुधवार को खिजरपुर में हुई बैठक में मुरादाबाद मंडल के सेक्टर प्रभारी हबीबुल रहमान ने कहा कि पार्टी जिला पंचायत के सभी वार्डों पर पूरे दमखम के साथ चुनाव लड़ेगी और रिकार्ड बनाएगी। चयन के लिए विधानसभावार जिम्मेदारियां सौंप दी गई है। इस बार जिला पंचायत अध्यक्ष बसपा ही बनाएगी। उन्होंने कहा कि भाजपा शासन में महंगाई बहुत तेजी के साथ बढ़ी है। पेट्रोल, डीजल, गैस एवं दवाइयों पर दाम काफी तेजी के साथ बढ़े हैं। किसान की हर चीज सस्ते दामों पर बिक रही है। अन्नदाता को फसल की लागत भी नहीं मिल पा रही। भाजपा और सपा दोनों भाई-भाई को लड़ाने का काम करती है, जबकि बसपा सर्वजन हिताय, सर्वजन सुखाय के नारे पर काम करती है। बसपा के चारों शासनकाल में प्रदेश की जनता खुश थी। सर्व समाज में भाईचारा कायम था, जितना विकास बसपा शासनकाल में हुआ शायद अभी तक नहीं हआ है। नौजवानों को बसपा की सरकार में नौकरियां काफी मिलीं, लेकिन आज युवा नौकरियों के लिए तरस रहा है। अब प्रदेश की जनता बसपा के शासनकाल को याद कर रही है। इस मौके पर मुहम्मद यूनुस, इसरार अली, जाकिर अली, मुहम्मद अहमद, बेचा आदि मौजूद रहे।