जांच के नाम पर प्रधानों का उत्पीड़न कर रहे अधिकारी
चेतावनी दी कि यदि झूठे मुकदमों को शीघ्र वापस नहीं लिया गया कार्य का बहिष्कार किया जाएगा।
जागरण संवाददाता, बिलासपुर : राष्ट्रीय पंचायती राज ग्राम प्रधान संगठन के जिलाध्यक्ष हरजीत सिंह ने कहा कि अधिकारियों द्वारा जांच के नाम पर प्रधानों का उत्पीड़न किया जा रहा है। इसे किसी हालत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। वह शुक्रवार को प्रधानों की बैठक में बोल रहे थे।
उन्होंने कहा कि प्रधान हमेशा ईमानदारी के साथ क्षेत्र में कार्य करते हैं। उन्होंने कोरोना महामारी के दौरान लोगों को मनरेगा के तहत रोजगार दिया। इसके अलावा गरीब लोगों को राशन, सैनिटाइजर तथा मास्क आदि सामान अपने पैसों से दिया है। साथ ही अन्य प्रकार से भी ग्रामीणों की बढ़-चढ़कर मदद की। इस सब के बावजूद अधिकारी जांच के नाम पर किसानों का उत्पीड़न करने में लगे हुए हैं। आगे कहा कि सफाई कर्मचारियों द्वारा सफाई अभियान के नाम पर खानापूरी की जा रही है। जिसकी वजह से गांवों में गंदगी के ढेर लगे हैं और बीमारियों का खतरा बना हुआ है। नरायण नगला के प्रधान द्वारा सफाई कर्मचारी से कार्य में तेजी लाने के लिए कहा गया तो उसने प्रधान पर झूठा मुकदमा दर्ज करा दिया। चेतावनी दी कि यदि झूठे मुकदमों को शीघ्र वापस नहीं लिया गया कार्य का बहिष्कार किया जाएगा। नबी अहमद शाह, जसविदर सिंह उर्फ तोती, ओमवती, बब्ली, फसाहत खां व इकरार हुसैन आदि रहे।