'सोनिया ने अटल बिहारी को कहा था, अब राहुल गांधी मोदी को चोर कह रहे हैं'
मुख्तार अब्बास नकवी ने कहा कि कांग्रेस हमेशा से भाजपा के खिलाफ साजिश करती रही है।
रामपुर, जासं। केंद्रीय अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी ने कहा कि कांग्रेस हमेशा साजिश करती रही है। सोनिया गांधी ने कांग्रेस अध्यक्ष रहते 2004 में अटल बिहारी वाजपेयी के खिलाफ साजिशें कीं। उन्हें कफन चोर कहा और अब उनकी साजिशों की विरासत को आगे बढ़ाते हुए कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को चोर कह रहे हैं। इसलिए, अब वक्त 'साजिश की सुपारी' को 'सुशासन के सरोते' से काटकर फेंकने का आ गया है।
मंगलवार को रामपुर में पत्रकार वार्ता में उन्होंने कहा कि अटलजी के खिलाफ बड़ी साजिशें हुईं। सोनिया ने घटिया मानसिकता से भरा आरोप लगाया था। इसके बाद 10 साल तक कांग्रेस सत्ता में रही। ये सभी आरोप पूरी तरह से गायब हो गए।
उन्होंने कहा कि अब 2019 का चुनाव करीब देख राहुल गांधी अनर्गल बातें कह रहे हैं। हमारे ऐसे प्रधानमंत्री हैं जिन्होंने सर्जिकल स्ट्राइक कर पाकिस्तान के अंदर घुसकर आतंकवादियों के छक्के छुड़ाए। देश के सम्मान, स्वाभिमान और सुरक्षा को मजबूती प्रदान की। कांग्रेस को यह समझ लेना चाहिए कि काठ की हांडी बार-बार नहीं चढ़ती। राहुल गांधी राफेल के मामले में भी पीएम को बदनाम कर रहे हैं, चोर कह रहे हैं।