बिलासपुर में जाम से मिलेगी निजात, सरकार ने दिए 28 लाख
जेएनएन रामपुर नगर में नैनीताल रोड स्थित मुख्य चौराहे पर जाम से शीघ्र ही निजात मिल जाएगी। यहां बनी पुलिया के चौड़ीकरण का कार्य शुरू हो गया है। सरकार ने इसके लिए 28 लाख रुपये भी दे दिए हैं।
जेएनएन, रामपुर: नगर में नैनीताल रोड स्थित मुख्य चौराहे पर जाम से शीघ्र ही निजात मिल जाएगी। यहां बनी पुलिया के चौड़ीकरण का कार्य शुरू हो गया है। सरकार ने इसके लिए 28 लाख रुपये भी दे दिए हैं।
नगर में मुख्य चौराहे की तंग पुलिया की वजह से आए दिन जाम लगता है। चौराहे पर जगह तंग होने से नगरवासियों को परेशानियों से जूझना पड़ता है। प्रदेश के जल शक्ति राज्यमंत्री बल्देव सिंह औलख ने पिछले वर्ष पंडित दीनदयाल उपाध्याय योजना के माध्यम से इसके चौड़ीकरण और सौंदर्यीकरण का प्रस्ताव बनाकर शासन के सम्मुख रखा था। शासन ने एक करोड़ 39 लाख रुपये की धनराशि स्वीकृत कर दी थी। लेकिन, अफसरों की ढिलाई की वजह से जारी किया गया धन करीब पांच माह तक खाते में पड़ा रहा और फिर वापस चला गया था। इससे पुलिया का काम अधर में लटक गया था। नगरवासी समय-समय पर इस समस्या को राज्यमंत्री व पालिका प्रशासन के सामने उठाते रहे और चौड़ीकरण मांग करते रहे। राज्यमंत्री ने इसे शासन के सम्मुख दोबारा रखा और उसी योजना के माध्यम से स्वीकृत करवा लिया। शुक्रवार को पुलिया का कार्य शुरू हो गया। पालिका ने बुलडोजर के माध्यम से खोदाई करवाई और कार्य चालू करवा दिया। राज्यमंत्री ने बताया कि अब पुलिया के चौड़ीकरण और चौराहे के सौंदर्यीकरण का काम पूरा हो जाएगा। मुख्यमंत्री के आदेश पर दोबारा पालिका के लिए धनराशि स्वीकृत कर दी गई है। पंडित दीनदयाल उपाध्याय योजना के माध्यम से चौराहे का चौड़ीकरण और सौंदर्यीकरण दोनों करवाया जाएगा। बाद में राज्यमंत्री समेत अन्य भाजपाइयों ने पुलिया के कार्य का जायजा लिया। उन्होने क्षेत्र में कई सड़कों का उद्घाटन भी किया। इस दौरान ब्लाक प्रमुख कुलवंत सिंह औलख, अधिशासी अधिकारी राजेश सिंह राणा, जिला उपाध्यक्ष चित्रक मित्तल, क्रय विक्रय समिति के चेयरमैन रवि यादव, गुरकीरत सिंह औलख, जीशान अहमद, प्रदीप शर्मा, गोल्डी खां समेत आदि मौजूद रहे।