टांडा में दहेज के लिए विवाहिता की हत्या, हंगामा
रामपुर टांडा में दहेज की मांग पूरी न करने पर एक महिला की जहर देकर हत्या कर दी। मृतका के मायके वालों ने ससुराल पहुंचकर हंगामा करते हुए पुलिस को बुला लिया। पुलिस जांच कर रही है। मृतका के मामा ने कार्रवाई को तहरीर दी है।
रामपुर: टांडा में दहेज की मांग पूरी न करने पर एक महिला की जहर देकर हत्या कर दी। मृतका के मायके वालों ने ससुराल पहुंचकर हंगामा करते हुए पुलिस को बुला लिया। पुलिस जांच कर रही है। मृतका के मामा ने कार्रवाई को तहरीर दी है।
थाना भोट के गांव एंडरा निवासी वाजिद का कहना है कि उसने अपनी भांजी शाइन का विवाह तीन साल पहले टांडा के गांव सहरिया नरपत निवासी राशिद के साथ किया था। हैसियत के अनुसार दान-दहेज भी दिया था। ससुराल वाले शादी के सामान से खुश नहीं थे। आरोप है कि शादी के बाद से ही दहेज में मारुति कार व दो लाख रुपये की मांग करते थे। 19 दिसंबर को दहेज की मांग पूरी न करने पर उसकी भांजी को घर से निकाल दिया था। भांजी अपने घर पहुंच गई। वह भांजी को अपने साथ लेकर उसी दिन गांव सहरिया नरपत पहुंच गया। भांजी की ससुराल वालों को समझाकर उसे ससुराल में छोड़ दिया। बुधवार दोपहर शाइन की उसी गांव निवासी बहन शमा ने बताया कि दहेज की मांग पूरी न करने पर ससुराल वालों ने शाइन की जहर देकर हत्या कर दी है। इसके बाद मायके वाले मौके पर पहुंचे तो ससुराली अंतिम संस्कार की तैयारी कर रहे थे। उन्होंने हंगामा कर अंतिम संस्कार रुकवा दिया। वहीं सूचना पर थाना पुलिस भी पहुंच गई। पुलिस मामले की देर शाम तक जांच में जुटी थी। उधर मृतका शाइन के मामा वाजिद ने मृतका के पति राशिद सहित चार के खिलाफ दहेज हत्या में रिपोर्ट लिखकर कानूनी कार्रवाई की मांग करते हुए तहरीर दी है। पता चला है कि महिला का पति गूंगा है। उसकी एक बच्ची भी है।
थाना प्रभारी निरीक्षक गौरव यादव ने बताया कि मृतका के स्वजन की ओर से आरोपितों के खिलाफ तहरीर मिल गई है। शव का अंतिम संस्कार रुकवा दिया है। जांच के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।