पति से विवाद के बाद फंदे पर झूल गई महिला
उत्तराखंड के गदरपुर थाना क्षेत्र के हरलालपुर गांव की थी जीनत पति से कहासुनी के बाद अलग कमरे में गई और दे दी जान
जागरण संवाददाता, बिलासपुर : पति से विवाद के बाद महिला फंदे पर झूल गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है।
थाना क्षेत्र के गांव सिहौर गांव निवासी रिजवान अहमद का विवाह उत्तराखंड के गदरपुर थाना क्षेत्र के हरलालपुर गांव निवासी जीनत के साथ हुआ था। बताया जाता है कि विवाह के पश्चात ही पति-पत्नी में किसी न किसी बात पर विवाद रहने लगा था।
इस बीच शुक्रवार की रात दोनों में एक बार फिर किसी बात को लेकर विवाद हो गया। जिस पर दोनों अलग-अलग कमरों में सोए थे। सुबह में पत्नी के कमरे का दरवाजा नहीं खुलने पर पति ने खोलना चाहा तो वह अंदर से बंद था। शक होने पर जब खिड़की से झांका तो वह फंदे पर झूल रही थी। यह देख कर उसकी चीख निकल गई। जिस पर आसपास के लोग भी मौके पर पहुंच गए।
सूचना पाकर पुलिस भी मौके पर जा पहुंची। जिसने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भिजवा दिया है। कोतवाली प्रभारी ब्रजेश कुमार यादव के अनुसार अभी कोई तहरीर प्राप्त नही हुई है। अगर कोई तहरीर आती है तो कार्रवाई की जाएगी। पुलिस मामले की छानबीन की जाएगी।