खुशहालपुर के जंगल में दिखाई दिया तेंदुआ, दहशत
खेत पर जाते ग्रामीण ने जंगल में तेंदुए को सोते हुए देखा।
जागरण संवाददाता, मसवासी : खेत पर जाते ग्रामीण ने जंगल में तेंदुए को सोते हुए देखा। वापस लौटने पर ग्रामीणों को बताया तो सब दहशत में आ गए। सूचना पर वन विभाग की टीम भी पहुंची। लेकिन, पंजे के निशानों को कुत्ते के पैरों के निशान बता कर लौट गई।
गांव निवासी हीरालाल मौर्य गुरुवार की सुबह साढ़े छह बजे जंगल की ओर टहलने जा रहे थे, रास्ते में उन्होंने तेंदुए को सोते देखा। उसे देख कर वह सहम गए और भयभीत होकर वापस लौट आए। गांव में आकर जानकारी ग्रामीणों को दी तो कई लोग उस ओर चल पड़े। वहां पहुंचने पर तेंदुआ तो नहीं मिला। लेकिन, उसके पैरों के निशान दिखाई दिए। तब कुछ लोगों ने वन विभाग को सूचना दे दी। जिस पर वनरक्षक अवधनाथ सिंह पहुंचे और पंजे के निशानों का जायजा लिया। उन्होंने बताया कि निशान तेंदुए के पंजे के न होकर कुत्ते के हैं। बहरहाल तेंदुए की दहशत से ग्रामीणों ने जंगल में जाना बंद कर दिया है।