किसानों को धान की पराली न जलाने के लिए किया प्रेरित
बिलासपुर एसडीएम डॉ राजेश कुमार और सीओ सतीश कुमार ने सोमवार को हामिदाबाद मानपुर
बिलासपुर : एसडीएम डॉ राजेश कुमार और सीओ सतीश कुमार ने सोमवार को हामिदाबाद, मानपुर ओझा, टेमरा, नवाबगंज, भैंसिया ज्वालापुर आदि गांव में भ्रमण किया। इस दौरान किसानों को धान की पराली न जलाने को प्रेरित किया।
उन्होंने कहा कि शासन-प्रशासन का सख्त निर्देश है कि किसी भी हाल में धान की पराली न जलाने दी जाए। अगर कोई किसान पराली जलाता पाया जाता है तो उसके विरुद्ध सख्त ़कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाए। वहीं सीओ ने हाईकोर्ट के आदेशों का हवाला देते हुए कहा कि पराली के जलाने से बहुत अधिक प्रदूषण फैलता है। इस पर तुरंत रोक लगाई जानी चाहिए। उन्होंने बताया अब तक स्थानीय तहसील के 24 किसानों पर पराली जलाने पर मुकदमे दर्ज करवाए जा चुके हैं। 62500 रुपये का जुर्माना भी वसूला जा चुका है। इसके आलावा 77500 का जुर्माना अवशेष है। इसे भी वसूल किए जाने का आदेश मिला है। लिहाजा क्षेत्रीय किसान शासन-प्रशासन का सहयोग करें और किसी भी कीमत पर पराली न जलाएं।