दीपावली पर पटाखे से झुलसे मासूम ने दम तोड़ा
दीपावली पर पटाखे से झुलसे मासूम ने दम तोड़ा
जागरण संवाददाता, मिलक : दीपावली की रात पटाखे से झुलसे मासूम की मौत हो गई। उसके पिता ने पुलिस से कोई भी कार्रवाई करने से इन्कार कर दिया।
कंचनपुर निवासी राम बिलास सागर का साढ़े तीन वर्षीय पुत्र रचित दीपावली की रात आंगन में खेल रहा था। घर के बाहर कुछ लोग अपने बच्चों के साथ पटाखे जला रहे थे। इसी दौरान बच्चों को पटाखा जलाता देख वह उसके पास पहुंचा और जल रहे पटाखे की चपेट में आ गया, जिससे वह गंभीर रूप से झुलस गया। आनन-फानन में उसे सरकारी अस्पताल लाया गया। उसे वहां से रेफर कर दिया गया, लेकिन परिजन उसे जिला अस्पताल न ले जाकर झोलाछाप के पास ले गए। झोलाछाप ने मरहम जख्मों पर लगाकर घर वापस कर दिया। चार दिन तक झोलाछाप से इलाज कराने के बाद गुरुवार की सुबह दस बजे उसकी मौत हो गई। परिजन शव को लेकर सरकारी अस्पताल आए। डॉक्टर ने देखते ही उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना पर पुलिस अस्पताल पहुंची। पिता ने कानूनी कार्रवाई से इन्कार कर दिया। मृतक के परिजन शव को लेकर वापस घर लौट गए। कोतवाल बृजेश कुमार यादव ने बताया कि पटाखे की चपेट में आकर मासूम गंभीर रूप से घायल हो गया था। इलाज के लिए उसे जिला अस्पताल रेफर किया गया, लेकिन परिजन जिला अस्पताल नहीं ले गए। उसका किसी प्राइवेट डॉक्टर से इलाज कराते रहे। परिजनों ने किसी भी प्रकार की कानूनी कार्रवाई करने से इन्कार कर दिया है।