अवैध तमंचे बनाने की फैक्ट्री पकड़ी, एक गिरफ्तार
पुलिस ने डंडिया वन में छापा मार कर अवैध शस्त्र बनाने वाली फैक्ट्री पकड़ी है।
जागरण संवाददाता, बिलासपुर : पुलिस ने डंडिया वन में छापा मार कर अवैध शस्त्र बनाने वाली फैक्ट्री पकड़ी है। बने और अधबने 11 तमंचे बरामद करते हुए एक व्यक्ति को भी गिरफ्तार किया है। इस दौरान उसके अन्य साथी बच निकलने में कामयाब हो गए।
कोतवाली प्रभारी ब्रजेश कुमार यादव को मुखबिर द्वारा सूचना मिली कि डंडिया वन के अंदर अवैध शस्त्र बनाने की फैक्ट्री संचालित है। इस पर वह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए और फैक्ट्री को ढूंढ कर चारों तरफ से घेर लिया। अचानक पुलिस का छापा पड़ा देख असलहे बना रहे युवक घबरा गए। वे भागने का प्रयास करने लगे। मगर पुलिस ने घेराबंदी करते हुए एक को दबोच लिया, जबकि उसके बाकी साथी भागने में कामयाब हो गए। चार तमंचे, सात अधबने तमंचे और असलहा बनाने के उपकरण बरामद किए हैं। पकड़े गए युवक ने अपना नाम सगीर पुत्र मुहम्मद नबी निवासी हामिदाबाद बताया है। इसके अलावा पुलिस ने टांडा हुरमतनगर निवासी टॉप टेन सूची के अभियुक्त गुड्डू को दो तमंचों व तीन कारतूस तथा सोढ़ी कॉलोनी निवासी राकेश साहनी को तमंचा व दो कारतूस के साथ गिरफ्तार कर चालान किया है। कोतवाली प्रभारी ने बताया कि अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।