रसोई में गैस सिलिंडर लीक होने से घर में लगी आग, तीन लोग झुलसे
संवाद सूत्र सैदनगर (रामपुर) रसोई में गैस सिलिंडर लीक होने से घर में आग लग गई।
संवाद सूत्र, सैदनगर (रामपुर) : रसोई में गैस सिलिंडर लीक होने से घर में आग लग गई। घर में रखे केमिकल के आग पकड़ने के बाद आग ने भीषण रूप धारण कर लिया। आग बुझाते समय परिवार के तीन लोग झुलस गए। सूचना पर पहुंची फायर ब्रिगेड ने जब तक आग पर काबू पाया तब तक घर का सारा सामान जलकर राख हो गया। इससे गृहस्वामी को लाखों रुपये का नुकसान हुआ है।
ग्राम नागलिया आकिल में बुधवार की सुबह सात बजे गृहस्वामी अता उल रहमान के घर में रसोई में खाना बनाते समय गैस लीक होने से अचानक आग भड़क गई। देखते ही देखते आग काफी तेजी से फैलने लगी। घर में रखे केमिकल ने भी आग पकड़ ली। इसके बाद आग ने भीषण रूप धारण कर लिया। ग्रामीणों और घर के लोगों ने आग को बुझाने का प्रयास किया। इस दौरान गृह स्वामी अता उल रहमान, मुजीबुररहमान व पड़ोसी भी झुलस गए। सूचना पर पुलिस व फायर ब्रिगेड की गाड़ी भी मौके पर पहुंच गई। घंटों के प्रयास के बाद आग पर काबू पाया गया। तब तक घर में रखा कीमती सामान, कपड़े आदि सभी जलकर राख हो गए। घर की नाली से होकर जलता हुआ केमिकल खेतों में पहुंचा तो किसान की धान की फसल भी जल गई। आग से किसान के आसपास के चार घरों को भी नुकसान हुआ।
गृहस्वामी का कहना है के सिलेंडर लीक होने से घर में रखा दो ड्रम डीजल व एक क्विंटल मेंथा का तेल भी जल गया। उसी से पूरे घर का सामान जलकर रख हो गया।