देर रात तक 98 गांवों में चुनी जा सकी सरकार
रामपुर जिले में गांवों की सरकार चुनने को रविवार सुबह आठ बजे शुरू हुई मतगणना देर रात तक जारी रही।
रामपुर : जिले में गांवों की सरकार चुनने को रविवार सुबह आठ बजे शुरू हुई मतगणना देर रात तक जारी रही। इस दौरान 98 गांवों में प्रधान पद के प्रत्याशियों की घोषणा हो सकी। इसके अलावा ग्राम पंचायत और क्षेत्र पंचायत सदस्यों की भी घोषणा की गई, लेकिन जिला पंचायत सदस्य का खाता नहीं खुल सका।
जिले में हुए पंचायत चुनाव के लिए 15 अप्रैल को मतदान हुआ था। रविवार को इनके वोटों की गिनती शुरु हुई। इसमें जिला पंचायत के लिए 34 सदस्य चुने जाने हैं। 680 ग्राम पंचायत के लिए प्रधान चुने जाने हैं। इसी तरह 8504 ग्राम पंचायत सदस्य और 859 बीडीसी (क्षेत्र पंचायत सदस्य) चुने जाने हैं। देर रात तक मतगणना जारी थी। रात नौ बजे तक जो परिणाम घोषित हुए, उनमें 98 गांवों के प्रधानों का फैसला हो गया। 4154 ग्राम पंचायत सदस्यों की किस्मत का भी फैसला आ गया। इनमें 3942 निर्विरोध चुने गए। इसी तरह 46 बीडीसी मेंबर का भी परिणाम आ गया। हालांकि इनमें 34 निर्विरोध चुन लिए गए। देर रात तक जिला पंचायत सदस्य के लिए किसी वार्ड का परिणाम घोषित नहीं हो सका था। जिला पंचायत सदस्य के 34 वार्ड हैं। इसमें कई दिग्गज मैदान में हैं। इनमें कई पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष भी रह चुके हैं। मतगणना में कोविड गाइड लाइन का अनुपालन कराने के लिए प्रशासन ने हर संभव प्रयास किया। 392 कर्मचारियों व मतगणना एजेंट की एंटीजन जांच भी कराई गई, इनमें 14 संक्रमित पाए गए। संक्रमित कर्मचारियों के स्थान पर दूसरे कर्माचारी लगाए गए। जिलाधिकारी रविद्र कुमार मांदड़ ने बताया कि मतगणना जारी है।