हाईवे पर कोहरे के कारण टकराए आठ वाहन, लगा जाम
रामपुर सर्दियों का मौसम शुरू हो गया है। कोहरे ने भी दस्तक दे दी है। ऐसे में हादसों का खतरा बढ़ने लगा है। इसकी शुरुआत सोमवार को दिन निकलते ही हो गई। दिल्ली-लखनऊ हाईवे पर शहजादनगर थाना क्षेत्र में कोहरे के चलते एक-एक कर आठ वाहन टकरा गए। संयोग से वाहन सवारों को ज्यादा चोट नहीं आई लेकिन बरेली के बाइक सवार और शाहजहांपुर के कैंटर चालक घायल हो गए। उन्हें अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा।
रामपुर : सर्दियों का मौसम शुरू हो गया है। कोहरे ने भी दस्तक दे दी है। ऐसे में हादसों का खतरा बढ़ने लगा है। इसकी शुरुआत सोमवार को दिन निकलते ही हो गई। दिल्ली-लखनऊ हाईवे पर शहजादनगर थाना क्षेत्र में कोहरे के चलते एक-एक कर आठ वाहन टकरा गए। संयोग से वाहन सवारों को ज्यादा चोट नहीं आई, लेकिन बरेली के बाइक सवार और शाहजहांपुर के कैंटर चालक घायल हो गए। उन्हें अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा।
हालांकि इन हादसों में सभी वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। हादसे के बाद हाईवे पर जाम भी लग गया। हादसा शहजादननगर थाने की धमोरा चौकी क्षेत्र में झुनइया गांव के पास हुआ। यहां ओवरब्रिज पर सुबह सात बजे कोहरे के कारण वाहनों का टकराने का सिलसिला शुरू हुआ। इसकी वजह बना ओवरब्रिज पर पहले से खराब खड़ा धान की भूसी लदा ट्रक। कोहरे के कारण ट्रक पीछे से आ रहे कैंटर चालक को नजर नहीं आया और कैंटर खराब खड़े ट्रक में घुस गया। कैंटर को शाहजहांपुर जिले के अल्लाहगंज का संतोष पुत्र वीर सिंह चला रहा था। वह कैंटर में हरदोई से स्क्रैप भरकर मुजफ्फरनगर जा रहा था। हादसे में वह घायल हो गया। कैंटर के पीछे बरेली के इज्जतनगर थाना क्षेत्र के कर्मपुर गांव का सौरभ पुत्र महेश चंद्र आ रहा था। उसकी बाइक कैंटर से टकरा गई, जिससे वह भी घायल हो गए। इसके बाद एक-एक कर छह अन्य वाहन भी दुर्घटनाग्रस्त हो गए। इनमें एक कार मुरादाबाद के पैरामेडिकल एंड नर्सिंग कालेज के प्रधानाचार्य आशीष कुमार की थी। वह बरेली से लौट रहे थे। दिल्ली के नितिन अपनी पत्नी और बच्चे के साथ बरेली से घर लौट रहे थे। बरेली से देहरादून जा रहे अंशु चौधरी की कार भी दुर्घटनाग्रस्त वाहनों से टकरा गई। इन सभी के मामूली चोटें आईं, लेकिन इनकी गाड़ियां काफी क्षतिग्रस्त हो गईं। हादसे की जानकारी पर मौके पर पहुंची पुलिस ने 108 एंबुलेंस की मदद से घायलों को उपचार के लिए सरकारी अस्पताल भिजवाया। वाहनों के दुर्घटनाग्रस्त होने के कारण हाईवे पर जाम लग गया। पुलिस ने ओवरब्रिज के दोनों ओर से आ रहे वाहनों को रुकवाना शुरू किया, ताकि दूसरे वाहन दुर्घटनाग्रस्त न हो सकें। क्रेन मंगवाकर दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हटवाकर जाम खुलवाया। दो घंटे बाद यातायात सुचारू हो सका। धमोरा चौकी प्रभारी राजीव गंगवार ने बताया कि घने कोहरे के कारण हादसे हुए। संयोग से किसी को ज्यादा चोट नहीं लगी। कैंटर चालक और बाइक सवार घायल हो गए थे। उन्हें जिला अस्पताल में भर्ती करा दिया। बाकी कुछ लोग दूसरे वाहनों से चले गए और कुछ लोग अपने वाहन ठीक गंतव्य को चले गए। किसी वाहन मालिक की ओर से तहरीर नहीं आई है। तहरीर आएगी तो कार्रवाई भी करेंगे।