कोरोना के चलते अपने-अपने घरों में रहकर सादगी से मनाई गई ईद
रामपुर कोरोना कर्फ्यू के चलते इस बार ईद भी सादगी से मनाई गई।
रामपुर : कोरोना कर्फ्यू के चलते इस बार ईद भी सादगी से मनाई गई। शहर की ईदगाह में नमाज नहीं हुई। मस्जिदों में केवल पांच-पांच लोगों ने ही नमाज पढ़ी। लोगों ने अपने घरों में ही सादगी से ईद मनाई।
कोरोना महामारी के कारण सरकार ने कोरोना कर्फ्यू लगा रखा है। इस कारण लोग घरों से भी नहीं निकल पा रहे हैं। शुक्रवार को ईद का त्योहार भी सादगी से मनाया गया। ईदगाह में नमाज नहीं हुई। शहर की जामा मस्जिद में भी केवल पांच लोगों ने ही नमाज पढ़ी। मौलवी नासिर खां ने नमाज पढ़ाई जबकि जुमे की नमाज मौलवी फैजान खां ने पढ़ाई और कोरोना से निजात के लिए दुआ मांगी। उन्होंने कोविड गाइड लाइन का अनुपालन करने पर भी जोर दिया। दूसरी मस्जिदों में भी ईद और जुमे की नमाज पांच-पांच लोगों ने ही पढ़ी। तमाम मुसलमानों ने नए लिवास पहनकर घरों पर ही सादगी से ईद मनाई। हाथ मिलाने और गले मिलने से भी परहेज किया। शारीरिक दूरी बनाए रखते हुए एक दूसरे को ईद की मुबारकबाद दी। हालांकि, इंटरनेट मीडिया और फोन के जरिये लोग दिनभर मुबारकबाद देते रहे। बच्चों ने भी घरों पर रहकर ही ईद मनाई। अपनी पसंद के पकवान बनवाए। इस दौरान पुलिस और प्रशासनिक अफसर भी शहर में भ्रमण करते रहे। पुलिस अधीक्षक शगुन गौतम, सिटी मजिस्ट्रेट रामजी मिश्रा, सीओ सिटी विद्या किशोर ने शहर का भ्रमण कर स्थिति का जायजा लिया। लोगों से कोविड गाइड लाइन का अनुपालन करने की अपील की। कोरोना से विश्व को शीघ्र मुक्ति दिलाने की मांगी दुआ
मिलक : मुस्लिम समुदाय के लोगों ने शुक्रवार को शासन-प्रशासन के नियमों का पालन करते हुए ईद मनाई। इस बार ईदगाहों में ईद की नमाज अदा नहीं की गई। क्षेत्र की मस्जिदों में सिर्फ पांच लोगों के द्वारा ही ईद की नमाज अदा की गई। मुहल्ला नसीराबाद की मस्जिद में हाफिज अब्दुल वहीद ने ईद की नमाज के बाद दुआएं की। उन्होंने कोरोना से विश्व को शीघ्र मुक्ति दिलाने तथा मुल्क में अमन, शांति कायम रखने के लिए दुआएं की। मस्जिदों के बाहर पुलिस तैनात रही। कोतवाली प्रभारी अनिल कुमार ने क्षेत्र का निरीक्षण किया। इसके अलावा तहसीलदार अशोक कुमार सिंह ने तहसील क्षेत्र की मस्जिदों का दौरा कर कोरोना कर्फ्यू के शासन द्वारा निर्धारित गाइडलाइन का पालन कराया। इस दौरान बेवजह घूमने वाले लोगों को अपने-अपने घरों में रहने को कहा। साथ ही चेतावनी दी कि यदि दोबारा बेवजह घूमते मिले तो जुर्माना लगाया जाएगा। मुल्क में अमन, शांति कायम रखने के लिए मांगीं दुआएं
शाहबाद : नगर समेत क्षेत्र की सभी मस्जिदों में कोरोना गाइड लाइन के अनुसार पांच लोगो ने ईद की नमाज अदा की। अन्य लोगों ने अपने-अपने घरों में रहकर नमाज अदा कर मुल्क में अमन, शांति कायम रखने के लिए दुआएं मांगी। नगर की जामा मस्जिद में शहर इमाम सैयद अब्दुल जब्बार अली ने पांच लोगों के साथ ईद की नमाज अदा कर दुआएं मांगी। इस दौरान ईदगाह समेत सभी मस्जिदों पर भारी संख्या में पुलिस तैनात रही। इस मौके पर उपजिलाधिकारी राकेश कुमार गुप्ता, तहसीलदार महेंद्र बहादुर सिंह, कोतवाल शिव चरन सिंह भारी पुलिस बल के साथ गश्त करते रहे।